कुरूद नगर पालिका में एल्डरमेनो ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, नए बिजली वाहन का हुआ लोकार्पण
नगर विकास कार्यों को मिलेगी गति, अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने नगरवासियों को समर्पित किया नया वाहन

कुरूद- नगर पालिका परिषद कुरूद में सोमवार को मनोनीत पार्षदों (एल्डरमेन) के शपथ ग्रहण समारोह एवं नगर पालिका को प्राप्त नए बिजली वाहन के लोकार्पण का आयोजन सादगीपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर रहीं।
समारोह में एसडीएम नभ सिंह कोसले ने सभी मनोनीत पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सर्वप्रथम तीन बार पार्षद रह चुके वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भानु चन्द्राकर ने शपथ ली। इसके बाद खिलावन यादव, चन्द्रकुमार (नंदू) चन्द्राकर, खिलेन्द्र देवांगन एवं महावीर साहू ने क्रमशः शपथ ग्रहण किया।
शपथ ग्रहण के उपरांत अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर, उपाध्यक्ष देवव्रत साहू, नेता प्रतिपक्ष डूमेश साहू, पीआईसी सदस्यों, वरिष्ठ पार्षदों, भाजपा मंडल पदाधिकारियों, प्रेस क्लब प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सभी नवनियुक्त एल्डरमेन का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। एसडीएम नभ सिंह कोसले तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) गुप्ता ने भी सभी को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर पालिका को शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए नए बिजली वाहन का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया गया। अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने बताया कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विधायक अजय चन्द्राकर के प्रयासों से नगर में बड़ी संख्या में नए विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं। इनके रखरखाव एवं मरम्मत कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए यह विशेष बिजली वाहन नगर पालिका को उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने नगरवासियों की ओर से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, वरिष्ठ पार्षद रजत चन्द्राकर, मनीष साहू, मिथलेश बैस, महेंद्र गायकवाड़, रवि मानिकपुरी, कविता चन्द्राकर, राजकुमारी ध्रुव, प्रेस क्लब अध्यक्ष मूलचंद सिन्हा, पत्रकारगण, भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
