महाप्रभु जगन्नाथ के महास्नान के साथ हुआ रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ
11 से 14 तक होगा औषिधी काढ़ा का वितरण, 15 को प्राण प्रतिष्ठा, 16 को निकाली जाएगी भव्य रथयात्रा
शहर में 107 वर्षों से निकाली जा रही है रथयात्रा, हजारो श्रद्धालु होते है शामिल

धमतरी। आज से महाप्रभु भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ हो गया। जगदीश मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष किरण कुमार गांधी ने बताया कि धर्म की नगरी में रथयात्रा पर्व को ट्रस्ट द्वारा धूमधाम से मनाया जाता है। मठ मंदिर चौक स्थित प्राचीन जगदीश मंदिर का अपना अलग ही महत्व है। जहां रथयात्रा पर्व को महोत्सव के रुप में मनाया जाएगा। इसका विधिवत शुभारंभ आज भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का पारंपरिक महास्नान के महास्नान के साथ हुआ। साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। महास्नान के बाद भगवान को विश्राम दिया जाएगा और परंपरागत धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। मंदिर के पुजारी बालमुकुंद शर्मा द्वारा विधिवत पूजा अर्चना कराकर महाप्रभु जगन्नाथ का महास्नान कराया। धमतरी में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन वर्षों पुरानी परंपरा है। बताया जाता है कि शहर में यह परंपरा करीब 107 वर्षों से लगातार निभाई जा रही है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस महोत्सव में शामिल होकर भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं।
11 जुलाई से मिलेगा औषधीय काढ़ा प्रसाद
रथयात्रा महोत्सव के दौरान 11 जुलाई से 15 जुलाई तक मंदिर में श्रद्धालुओं को विशेष काढ़ा प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर समिति के अनुसार यह काढ़ा विभिन्न औषधीय जड़ी-बूटियों से तैयार किया जाता है। धार्मिक मान्यता के साथ-साथ इसे स्वास्थ्यवर्धक भी माना जाता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से मंदिर पहुंचकर काढ़ा प्रसाद ग्रहण करते हैं।
15 जुलाई को हवन-पूजन, 16 जुलाई को निकलेगी रथयात्रा
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष किरण कुमार गांधी ने बताया कि 15 जुलाई को मंदिर में हवन-पूजन, महाआरती तथा भगवान की पुन: प्राण-प्रतिष्ठा की धार्मिक परंपरा पूरी की जाएगी। इसके अगले दिन 16 जुलाई को दोपहर 2 बजे से भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा पूरे पारंपरिक वैभव और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी। रथयात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होकर भगवान के रथ को खींचेंगे तथा नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह स्वागत, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
श्रद्धा और परंपरा का संगम
धमतरी का जगदीश मंदिर शहर की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। रथयात्रा महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। हर वर्ष इस आयोजन में सभी वर्गों के लोग उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो जाता है। इस बार भी महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


