Uncategorized

धमतरी में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर, नई दुग्ध समितियों के गठन में लाई जाएगी तेजी

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने की समीक्षा बैठक, ग्रामीण किसानों को दुग्ध सहकारी समितियों से जोड़ने के दिए निर्देश

धमतरी- जिले में दुग्ध उत्पादन और दुग्ध संकलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीते सोमवार को कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवीन दुग्ध समितियों के गठन, दुग्ध संकलन केंद्रों के विस्तार तथा किसानों की सहभागिता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों को संगठित कर उन्हें दुग्ध सहकारी समितियों से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि नई दुग्ध समितियों के गठन की प्रक्रिया में तेजी लाकर जिले में दुग्ध उत्पादन और संकलन दोनों में वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एनडीडीबी के प्रबंध संचालक ने बताया कि किसी भी नए दुग्ध संकलन केंद्र की स्थापना के लिए संबंधित क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम 250 से 500 लीटर दुग्ध उत्पादन होना आवश्यक है। इससे संकलन केंद्र का संचालन आर्थिक रूप से व्यवहार्य और सुचारू रूप से किया जा सकता है।
विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारियों ने बैठक के दौरान दुग्ध संकलन केंद्रों के सचिवों के समक्ष आने वाली समस्याओं से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का परीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एनडीडीबी के प्रबंध संचालक, देवभोग दुग्ध महासंघ के अधिकारी मुकेश देवांगन, एसडीएम सुश्री प्रीति दुर्गम, रेवाराम साहू तथा पशुपालन विभाग के विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुजेंद्र सोनी, डॉ. पी.के. लाओत्रे, डॉ. भूपेंद्र सिन्हा, डॉ. सुरेंद्र मरकाम, डॉ. प्रमोद ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!