Uncategorized

प्रभारी आयुक्त पी.सी. सार्वा का निगम कार्यालय में औचक निरीक्षण, अनुपस्थित मिले 7 कर्मचारियों को जारी हुआ नोटिस

निगम प्रशासन का उद्देश्य बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है- सार्वा

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी के प्रभारी आयुक्त पी.सी. सार्वा ने शुक्रवार को निगम कार्यालय के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी शाखाओं में पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यालयीन कार्यों की प्रगति तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सात कर्मचारी अपने विभागों में अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रभारी आयुक्त श्री सार्वा ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना पूर्व सूचना अथवा स्वीकृत अवकाश के कार्यालय से अनुपस्थित रहना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि निगम कार्यालय में आने वाले नागरिकों के कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि निगम कार्यालय में अनुशासन, कार्यसंस्कृति एवं जवाबदेही बनाए रखने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से किए जाते रहेंगे। नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!