Uncategorized

सेलदीप में शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, कलेक्टर बोले,बच्चों की शिक्षा सबसे बड़ा निवेश, प्रशासन हर कदम पर साथ

धमतरी- जिले के कुरूद विकासखंड के ग्राम सेलदीप में शिक्षा के प्रति जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित विशेष कार्यक्रम शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक भागीदारी का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन में शिक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने का स्पष्ट संदेश दिखाई दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर eअबिनाश मिश्रा ने कहा कि किसी भी समाज का भविष्य उसके बच्चों की शिक्षा पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि ग्राम सेलदीप में मातृशक्ति एवं ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि गांव के लोग अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सजग और संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि जब पूरा समुदाय विद्यालय के विकास की जिम्मेदारी अपने हाथों में लेता है, तब सीमित संसाधनों वाला विद्यालय भी उत्कृष्ट संस्थान बन सकता है और सेलदीप इसका सशक्त उदाहरण है।
कलेक्टर ने कहा कि कुछ दिनों पूर्व ग्राम परखंदा में भी शिक्षा को लेकर इसी प्रकार का प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। अब सेलदीप में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी यह संकेत देती है कि जिले में शिक्षा के प्रति सकारात्मक सामाजिक वातावरण तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल आने वाले समय में अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
श्री मिश्रा ने कहा, “बच्चे आपकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। आज उनकी शिक्षा में किया गया निवेश भविष्य में समाज और परिवार दोनों के लिए अमूल्य संपत्ति सिद्ध होगा। यदि बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ेंगे तो गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।” उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा नैतिक मूल्यों के विकास पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुरूद क्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज, आईटीआई, बी.एड. कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की दिशा में कार्य कर रहा है। इन संस्थानों के प्रारंभ होने से स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा क्षेत्र में कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उन्होंने अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देते हुए अभिभावकों से विशेष रूप से बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज में प्रवेश दिलाने का आग्रह किया। साथ ही श्रम विभाग की विभिन्न शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं का उल्लेख करते हुए संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कलेक्टर ने कहा, “आप एक कदम आगे बढ़ाइए, जिला प्रशासन दो कदम आगे बढ़कर आपका सहयोग करेगा। शिक्षा के क्षेत्र में समाज और प्रशासन की साझेदारी ही बच्चों का बेहतर भविष्य सुनिश्चित करेगी।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने कहा कि सेलदीप में आयोजित यह कार्यक्रम पूरे जिले के लिए अनुकरणीय पहल है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले ग्रामीणों, शिक्षकों एवं संबंधित विभागों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। विद्यालय के विकास एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सहयोग देने वाले दानदाताओं, समाजसेवियों एवं सहयोगकर्ताओं को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने तथा प्रत्येक बच्चे को नियमित रूप से विद्यालय से जोड़ने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!