कुरूद के स्वर्ण सिंह कलसी बने रणजी टीम के नए बॉलिंग कोच

कुरुद। कुरूद की ऐतिहासिक खेल संस्था टारनेडो क्रिकेट क्लब के पूर्व खिलाड़ी स्वर्ण सिंह कलसी को आगामी घरेलू सत्र के लिए रणजी ट्रॉफी टीम का बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया। स्वर्ण सिंह कलसी का यह सफर संघर्ष, अनुशासन, समर्पण और निरंतर सीखने की मिसाल है। जिस टारनेडो क्लब के मैदान पर उन्होंने गेंदबाजी की बारीकियां सीखीं, आज उसी क्लब का खिलाड़ी राज्य की सर्वोच्च क्रिकेट टीम के गेंदबाजों को दिशा देगा। बताया जाता है कि स्वर्ण सिंह ने अपने शुरुआती दिनों में कुरूद के शासकीय विद्यालय में दो वर्ष अध्ययन किया और यहीं टारनेडो क्रिकेट क्लब से क्रिकेट की शुरुआत की। उनके प्रथम कोच अंतरराष्ट्रीय स्कोरर मनोज तिवारी रहे, जबकि क्लब के मेंटर स्व. विनोद गोस्वामी एवं एसपी नीरज चंद्राकर से उन्होंने खेल की तकनीक, अनुशासन और प्रतिस्पर्धी सोच सीखी। स्वर्ण सिंह कलसी वर्ष 2008 से बीसीसीआई के लेवल-ए सर्टिफाइड कोच हैं। वे विश्व प्रसिद्ध एमआरएफ पेस फाउंडेशन के पूर्व ट्रेनी रहे हैं, जहां उन्होंने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज तेज गेंदबाज ज़हीर खान सहित कई राष्ट्रीय खिलाडिय़ों के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। स्वर्ण सिंह कलसी अपने दौर के बेहतरीन दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज और भरोसेमंद मध्यक्रम बल्लेबाज रहे हैं।
