Uncategorized

एसपी भावना पांडेय ने मीडिया प्रतिनिधियों से किया संवाद, कानून- व्यवस्था एवं बेसिक पुलिसिंग को और सशक्त बनाने लिए लिए सुझाव

युवा सट्टा, नशे, चाकूबाजी, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर और प्रभावी कार्यवाही के दिए निर्देश, पैदल एवं विजिबल पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर

पुलिस-मीडिया समन्वय को बताया जनविश्वास की सबसे बड़ी ताकत, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस चौकी एवं ट्रैफिक सुधार पर हुई सार्थक चर्चा

धमतरी पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने कल जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवादात्मक बैठक आयोजित कर कानून-व्यवस्था, बेसिक पुलिसिंग एवं जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक का उद्देश्य पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए आमजन से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने मीडिया प्रतिनिधियों से जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा जनसुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने संबंधी सुझाव आमंत्रित किए। मीडिया प्रतिनिधियों ने युवा सट्टा, नशे के बढ़ते प्रभाव, चाकूबाजी की घटनाओं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, ई-रिक्शा के कारण शहर में लगने वाले जाम तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस चौकी स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने कहा कि धमतरी पुलिस नशे, सट्टा, अवैध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है तथा आगामी दिनों में इन पर और अधिक प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग एवं विजिबल पेट्रोलिंग को और सशक्त बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया समाज के प्रति समान रूप से जवाबदेह हैं। मीडिया सकारात्मक कार्यों को जनता तक पहुंचाए, वहीं यदि कहीं कोई कमी या शिकायत हो तो उसे भी निष्पक्ष रूप से पुलिस के संज्ञान में लाए। दूध का दूध और पानी का पानी की भावना से कार्य करते हुए पुलिस हर सकारात्मक सुझाव का स्वागत करेगी और जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करेगी।
बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। मीडिया प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक के खुले संवाद एवं सुझाव आधारित कार्यशैली की सराहना करते हुए भविष्य में भी पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की,इस अवसर पर जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधि सभी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!