पहले निगम के कर्मचारियों का वेतन दें, फिर करोड़ों की घोषणाएँ करें – विशु देवांगन

धमतरी। नगर निगम के उपनेता प्रतिपक्ष सत्येन्द्र (विशु) देवांगन ने नगर निगम की वित्तीय स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज नगर निगम के नियमित एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारी और उनके परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर महापौर करोड़ों रुपये की नई-नई घोषणाएँ करने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी अपने कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध कराना है। यदि कर्मचारी ही अपने मेहनताने के लिए भटकने को मजबूर हों, तो यह नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उपनेता प्रतिपक्ष सत्येन्द्र (विशु) देवांगन ने कहा कि करोड़ों रुपये की घोषणाएँ करने से पहले नगर निगम की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना और कर्मचारियों के लंबित वेतन का तत्काल भुगतान करना आवश्यक है। केवल घोषणाएँ करने से विकास नहीं होता।