Uncategorized

जन्मदिन पर सेवा का संकल्प: युवा समाजसेवी सुमित जैन ने कराई जरूरतमंद बच्चे की सालभर की फीस जमा

धमतरी। जन्मदिन के अवसर पर अक्सर लोग उत्सव और खुशियों पर खर्च करते हैं, लेकिन सुमित जैन ने अपने जन्मदिन को एक जरूरतमंद बच्चे के भविष्य को संवारने के लिए समर्पित कर सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणादायक मिसाल पेश की। उन्होंने नूतन स्कूल, सिहावा रोड में अध्ययनरत एक जरूरतमंद बच्चे की पूरे वर्ष की 6 हजार रुपए फीस जमा कराई।
बताया गया कि बच्चा साधारण परिवार से है और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण फीस जमा नहीं हो पाने से उसकी पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बन गई थी। ऐसे समय में सुमित जैन द्वारा फीस की पूरी राशि जमा कराए जाने से बच्चे की शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रह सकेगी। इस सहयोग से बच्चे और उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने सुमित जैन के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई रुकना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। समाज के सक्षम लोगों द्वारा ऐसे बच्चों की शिक्षा में सहयोग किया जाए तो कई बच्चों के भविष्य को बेहतर दिशा मिल सकती है।
सुमित जैन की इस पहल ने यह संदेश दिया कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को जरूरतमंदों की मदद और समाजसेवा से जोड़कर उसे और भी सार्थक बनाया जा सकता है। एक बच्चे की शिक्षा के लिए किया गया छोटा सा सहयोग उसके जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। समाज में ऐसे प्रयास शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद परिवारों के लिए भी संबल बनते हैं।पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया के संदेश के साथ यह पहल शिक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बनी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!