बनियापारा वार्ड में पीलिया की शिकायत पर महापौर रामू रोहरा पहुंचे मौके पर
स्थिति का लिया जायजा, सोमवार से पाइप लाइन लीकेज की तलाश में युद्धस्तर पर चलेगा अभियान

महापौर ने लोगों से की अपील,कुछ दिनों तक पानी उबालकर ही पिएं, स्वास्थ्य के प्रति बरतें विशेष सावधानी
धमतरी। शहर के बनियापारा वार्ड में पीलिया की शिकायत सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। रविवार को महापौर रामू रोहरा ने बनियापारा वार्ड पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से चर्चा कर पीलिया की स्थिति, पेयजल व्यवस्था और संभावित समस्याओं की जानकारी ली।
वार्ड में पीलिया की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने कहा कि दूषित पेयजल इसकी एक संभावित वजह हो सकती है। ऐसे में पेयजल पाइप लाइन में लीकेज की जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सोमवार से नगर निगम की टीम द्वारा पाइप लाइन में लीकेज खोजने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जाएगा। निगम का अमला क्षेत्र की पाइप लाइनों की जांच करेगा और जहां भी लीकेज या अन्य तकनीकी खामी सामने आएगी, उसे तत्काल दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि लोगों को पीलिया से राहत दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था पर विशेष नजर रखने तथा संभावित कारणों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
लोगों से एहतियात बरतने की अपील
महापौर ने वार्डवासियों से अपील की कि आगामी कुछ दिनों तक विशेष सावधानी बरतें और पानी को अच्छी तरह उबालकर ही पीएं। उन्होंने कहा कि पानी को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और यदि किसी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस होती है तो तत्काल चिकित्सकीय सलाह ली जाए।
उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि नगर निगम की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी रखेगी। पेयजल पाइप लाइन में लीकेज की तलाश के साथ ही समस्या के संभावित स्रोतों की जांच की जाएगी, ताकि पीलिया की शिकायत पर प्रभावी तरीके से नियंत्रण पाया जा सके।
सोमवार से शुरू होगा विशेष अभियान
बनियापारा वार्ड में सोमवार से शुरू होने वाला लीकेज जांच अभियान नगर निगम की प्राथमिकता में रहेगा। पाइप लाइन में छोटे से छोटे लीकेज की भी जांच की जाएगी, ताकि कहीं से दूषित पानी पेयजल लाइन में प्रवेश न कर सके। जरूरत पड़ने पर संबंधित हिस्से की मरम्मत भी कराई जाएगी।
महापौर के वार्ड निरीक्षण के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पेयजल से जुड़ी समस्या का जल्द समाधान होगा और क्षेत्र में पीलिया की शिकायतों पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा। निगम प्रशासन ने भी लोगों से सहयोग करने और जांच के दौरान निगम की टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।
