15वें वित्त आयोग से धमतरी नगर निगम को 4 करोड़ रुपये की सौगात,सभापति कौशिल्या देवांगन के नेतृत्व मे जनप्रतिनिधियों ने जताया मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री का आभार

स्वास्थ्य विभाग को 2.55 करोड़ और जल विभाग को 1.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति, जालमपुर ओवरहेड टंकी निर्माण को मिलेगी गति
धमतरी। धमतरी नगर निगम को 15वें वित्त आयोग की राशि से स्वास्थ्य एवं पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कुल 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने पर नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वीकृत राशि के अंतर्गत नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के लिए 2 करोड़ 55 लाख रुपये तथा जल विभाग के लिए 1 करोड़ 45 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस राशि से महेंद्र घासीदास वार्ड स्थित जालमपुर ओवरहेड टंकी सहित स्वास्थ्य एवं पेयजल से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी, जिससे शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इसी क्रम में नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के सभापति नीलेश लुनिया, जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर तथा पार्षद हेमंत बंजारे ने नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम को मिली इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से धमतरी नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार होगा तथा नागरिकों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
