Uncategorized

साइबर अपराध के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस का साइबर जागृति अभियान: एसपी भावना पांडेय की उपस्थिति मे धमतरी मे हुआ शुभारंभ

15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान, जनभागीदारी से साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की पहल

एसपी भावना पांडेय ने प्रेसवार्ता लेकर दी जानकारी

धमतरी – आज साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने और छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक सात सप्ताह का व्यापक साइबर जागृति अभियान चलाया जाएगा जिसका शुभारंभ आज धमतरी पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने एसपी भावना पांडेय और अन्य पुलिस अधिकारियो की मौजूदगी मे किया गया । एसपी द्वारा ली गई प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस से शुरू होने वाला यह अभियान गांधी जयंती के दिन संपन्न होगा।
अभियान का मुख्य आकर्षण साइबर जागृति की एक सेल्फी थीम है। इसके तहत प्रदेशवासी छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक अथवा क्यूआर कोड को स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। इससे साइबर अपराधों से बचाव का संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस का मानना है कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। अभियान के माध्यम से लोगों को साइबर ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, यूपीआई फ्रॉड, फिशिंग, जॉब फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े जोखिमों के प्रति सतर्क किया जाएगा।

सात सप्ताह में अलग-अलग विषयों पर होंगे कार्यक्रम

पहला सप्ताह: स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।दूसरा सप्ताह: बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के विषय पर टाउन हॉल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
चौथा सप्ताह: महिला कॉलेजों एवं सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।पांचवां सप्ताह: रोजगार कार्यालयों, आईटीआई एवं कौशल विकास केंद्रों में युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
छठा सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग को लेकर अभियान चलाया जाएगा।सातवां सप्ताह: ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर साइबर मुक्त छत्तीसगढ़ संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।

चौक-चौराहों से सोशल मीडिया तक पहुंचेगा संदेश

अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला पुलिस की टीमें एवं स्थानीय थाने सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों और बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से क्यूआर कोड का प्रचार करेंगी। इसके साथ ही राज्य पुलिस और जिला पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से अभियान की लिंक साझा कर अधिक से अधिक लोगों को सेल्फी लेने और सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

2 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन

15 अगस्त से शुरू होने वाला यह सात सप्ताह का अभियान 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन संपन्न होगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा है कि ‘साइबर जागृति अभियान’ के लिए जागरूकता की एक सेल्फी लें, उसे सोशल मीडिया पर साझा करें और साइबर अपराधों की रोकथाम में जिला पुलिस का सहयोग करें। शुभारंभ अवसर पर एएसपी डी सी पटेल, शैलेन्द्र पांडेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!