Uncategorized

साइबर अपराध के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान:स्वतंत्रता दिवस पर विधायक अजय चंद्राकर ने ली जागरूकता की एक सेल्फी

साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने धमतरी पुलिस की विशेष पहल, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह चलेंगे व्यापक जागरूकता कार्यक्रम

साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी – विधायक अजय चंद्राकर

प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय धमतरी के ऐतिहासिक एकलव्य खेल परिसर परेड ग्राउंड में आयोजित ध्वजारोहण समारोह के पश्चात मुख्य अतिथि एवं कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने इस अभियान के अंतर्गत जागरूकता की एक सेल्फी लेकर जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
प्रदेश स्तरीय अभियान का शुभारंभ राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा द्वारा किया गया है। इसी क्रम में धमतरी जिले में भी अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जा रहा है।

जागरूकता की एक सेल्फी बनेगी साइबर सुरक्षा का संदेश

मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ “साइबर जागृति की एक सेल्फी” लेकर आम नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश की स्वतंत्रता के लिए पूरा राष्ट्र एकजुट हुआ था, उसी भावना के साथ साइबर अपराध के विरुद्ध भी समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना होगा।
अभियान की मुख्य थीम साइबर जागृति की एक सेल्फी है। नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर उपलब्ध लिंक अथवा क्यू आर कोड के माध्यम से जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर सकते हैं। इस पहल के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश उनके मित्रों, फॉलोअर्स और अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा।

सोशल मीडिया से लेकर चौक-चौराहों तक पहुंचेगा साइबर सुरक्षा का संदेश अभियान के दौरान धमतरी पुलिस की टीमों एवं स्थानीय थाना पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, बाजारों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर पोस्टर, बैनर एवं क्यूर आर कोड के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं विभिन्न व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से अभियान की लिंक और जागरूकता सामग्री अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।
मुख्य अतिथि एवं कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराध के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिक अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग एवं वित्तीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा किसी भी साइबर ठगी या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।साइबर जागृति अभियान का समापन 2 अक्टूबर , गांधी जयंती के अवसर पर किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!