Uncategorized

बारिश ने बिगाड़ी जिले की तस्वीर, घर-खेत और सड़कें प्रभावित

416 मकानों में नुकसान, करीब 10 हजार एकड़ धान की फसल पर पड़ा असर; 18 सड़कें भी हुईं खराब


धमतरी। जिले में बीते दिनों हुई तेज बारिश का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बारिश और जलभराव के चलते ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार जिले में 416 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहीं करीब 10 हजार एकड़ में लगी धान की फसल प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा जिले की 18 सड़कें भी बारिश से खराब हुई हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें नुकसान का सर्वे करने में जुटी हुई हैं। बारिश के दौरान कई गांवों और शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया था। घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी उतरने के बाद अब मकानों, सड़कों और खेतों में हुए नुकसान की तस्वीर सामने आ रही है। कई जगह कच्चे और पुराने मकानों को अधिक क्षति पहुंची है।
खेतों में पानी भरने से फसल को नुकसान
लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया, जिससे धान की फसल प्रभावित हुई है। करीब 10 हजार एकड़ में फसल प्रभावित होने का प्रारंभिक अनुमान है। कृषि विभाग की टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फसल की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। पानी अधिक समय तक खेतों में जमा रहने से धान के सडऩे और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
सड़कें भी हुईं बदहाल
भारी बारिश के कारण जिले में 18 सड़कों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। कई मार्गों पर गड्ढे हो गए हैं और कुछ स्थानों पर सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। बारिश थमने के बाद इन मार्गों की स्थिति और ज्यादा स्पष्ट हो रही है। संबंधित विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कर मरम्मत की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार कोलियारी, खरेंगा, गुण्डरदेही रोड़, कुरुद, चर्रा, कातलबोड़, नवागांव मार्ग, सोरम भठगांव, गोकुलपुर मार्ग, पचपेड़ी तर्रागोंदी मार्ग, गाड़ाडीही परखंदा मार्ग, धमतरी गंगरेल, कुकरेल मार्ग, नगरी सिहावा बोराई मार्ग, धमतरी बागतराई मार्ग, देमार तरसीवां सहित अन्य मार्गो की स्थिति खराब हुई है।
राजस्व विभाग कर रहा नुकसान का आकलन
प्रशासन की ओर से बारिश से हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। राजस्व विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर मकानों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान की जानकारी जुटा रही हैं। वहीं कृषि विभाग फसल क्षति का आंकलन कर रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद वास्तविक नुकसान की स्थिति सामने आने की उम्मीद है।
बारिश के दौरान 7 लोगों की मौत
जिले में बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं के दौरान अब तक 7 लोगों की मौत की जानकारी भी सामने आई है। इनमें नगरी क्षेत्र में चार, मगरलोड, धमतरी और कुरूद क्षेत्र में एक-एक मौत बताई गई है। प्रशासन द्वारा बारिश के दौरान हुई घटनाओं और नुकसान का विवरण भी जुटाया जा रहा है। बारिश थमने के बाद अब प्रशासन के सामने क्षतिग्रस्त मकानों, सड़कों और फसलों का सही आकलन कर प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने की चुनौती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!