Uncategorized

उत्कृष्ट कार्य एवं समर्पित सेवाओं के लिए 16 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को एसपी श्रीमती भावना पांडेय ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और बेहतर पुलिसिंग का सम्मान-अपराध नियंत्रण से लेकर कार्यालयीन कार्य एवं खेल प्रतिभा तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का बढ़ाया मनोबल – एसपी ने कहा, समर्पित एवं सराहनीय कार्य करने वालों को किया जाएगा निरंतर प्रोत्साहित

पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय द्वारा पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, सराहनीय एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्य करने वाले धमतरी पुलिस के 16 अधिकारी- कर्मचारियों को पुलिस कार्यालय धमतरी में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय ने कहा कि पुलिस विभाग में प्रत्येक अधिकारी- कर्मचारी का दायित्वपूर्ण एवं समर्पित कार्य कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा आमजन की सुरक्षा एवं सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य अधिकारी- कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
सम्मानित अधिकारी- कर्मचारियों में आरक्षक अनुराग पाण्डेय को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में संदिग्धों की चेकिंग में उत्कृष्ट कार्य,प्रआर. उमाकांत साहू एवं आर. फलेश साहू को कार्यालयीन कार्यों के उत्कृष्ट संपादन, श्री छोटेलाल साहू (आर. (चालक.) को सतर्कतापूर्वक एवं सुरक्षित वाहन चालन के लिए सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार प्रआर हरीश साहू ,आर. महेन्द्र सिन्हा ,आर.भागवत खांडेकर एवं म.आर. कलेश्वरी कुंजाम को सूचना संकलन कर अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। आर.श्री शेख अलीमुद्दीन को समय-समय पर रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया।
वहीं प्रेमप्रसाद उपाध्याय (उपनिरीक्षक) एवं आर. टिकेश्वर पटेल को जिला विशेष शाखा में उत्कृष्ट कार्य तथा आर.जीतेन्द्र कतलम एवं पुनम सोनवानी को सूचना संकलन में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त अवध राम साहू (निरीक्षक/थाना प्रभारी कुरूद),आर. सुजय मंडल एवं आर. शेख अलीमुद्दीन को 5वीं जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय ने सभी सम्मानित अधिकारी – कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, सतर्कता एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि धमतरी पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को आगे भी निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी।
इस अवसर पर पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!