Uncategorized

विशेष बेटियों की हस्तनिर्मित राखियों ने मशहूर चित्रकार बसंत साहू को किया भावुक

मराठा मंगल भवन धमतरी में आयोजित तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी के दौरान एक अत्यंत भावुक और आत्मीय दृश्य देखने को मिला, जब सार्थक स्कूल की विशेष बेटियों ने अपने हाथों से बनाई हुई सुंदर राखियां देश के मशहूर एवं अनेक सम्मानों से सम्मानित चित्रकार बसंत साहू को बांधीं। बेटियों का स्नेह पाकर बसंत साहू भावुक हो गए और उनकी आंखें भर आईं। उन्होंने कहा इतना स्नेह पाकर मैं सचमुच भावुक हो गया हूं। इस अवसर पर सार्थक स्कूल की बेटियों ने सर्वप्रथम बसंत साहू, राष्ट्रीय स्तर के रंगोलीकार अवध राम कंवर एवं बसंत साहू के सहयोगी सोमन साहू का तिलक कर आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात तीनों को सार्थक के सदस्यों द्वारा हस्तनिर्मित तिरंगा बैज लगाया गया। बेटियों ने अपने हाथों से बनाई हुई राखियां तीनों को स्नेहपूर्वक बांधीं। इस दौरान बेटियों ने बसंत साहू को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद भी लिया। सदस्यों ,प्रशिक्षकों एवं बच्चों ने शॉल, श्रीफल, रोज़ स्टिक एवं तिरंगा बैज लगाकर तीनों का बहुमान किया।
बसंत साहू देश के चर्चित चित्रकार हैं और अपनी असाधारण प्रतिभा एवं संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा के कारण अनेक राष्ट्रीय एवं प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं। उनकी कला और जिजीविषा आज अनेक लोगों के लिए प्रेरणा है।
उनके शिष्य अवध राम कंवर राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त रंगोलीकार हैं। वे भी अपनी कला के माध्यम से विभिन्न मंचों पर सम्मान और पहचान प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने सार्थक के बच्चों की प्रतिभा और आत्मीयता की सराहना करते हुए कहा कि “इन बच्चों के हाथों में केवल कला ही नहीं, बल्कि सच्चा प्रेम और अपनापन भी है।”
वहीं, सोमन साहू विगत लगभग 15 वर्षों से बसंत साहू के सहायक के रूप में निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। वे बसंत जी के नियमित खानपान और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए पूरी निष्ठा से उनके साथ जुड़े हुए हैं।
सार्थक संस्था की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने कहा कि _हमारे बच्चों के लिए ऐसे प्रेरणादायी कलाकारों से मिलना बहुत बड़ा अवसर है। कला के साथ मिला यह स्नेह और आशीर्वाद बच्चों के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा।इस आयोजन में सार्थक संस्था के सदस्य सुभाष मलिक तथा प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, देविका दीवान, कौशल्या यादव एवं काजल रजक का विशेष योगदान रहा। उनके सहयोग से बच्चों ने पूरे स्नेह, संस्कार और उत्साह के साथ इस यादगार अवसर को विशेष बना दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!