रक्षाबंधन से पहले धमतरी बस स्टैंड पर बढ़ी यात्रियों की भीड़, भाइयों तक पहुंचने निकलीं बहनें
सभी प्रमुख रूटों की बसें रहीं खचाखच, महिला यात्रियों की संख्या रही सबसे अधिक

धमतरी। रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले गुरुवार को धमतरी के नए बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। त्योहार मनाने के लिए बहनें अपने भाइयों के घर पहुंचने निकल पड़ीं, जिसके चलते सुबह से ही विभिन्न रूटों की बसों में सीटों के लिए मारामारी की स्थिति बनी रही। सबसे अधिक भीड़ महिला यात्रियों की देखने को मिली और कई बसें यात्रियों से पूरी तरह भरकर रवाना हुईं।
धमतरी नया बस स्टैंड से रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बालोद, राजनांदगांव, नगरी, सिहावा, जगदलपुर, संपूर्ण बस्तर, भानुप्रतापपुर और अंतागढ़ सहित विभिन्न मार्गों पर नियमित बसों का संचालन होता है। रक्षाबंधन के कारण इन सभी रूटों पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। बसों में पहले से बुकिंग कराने वाले यात्रियों के साथ-साथ तत्काल यात्रा करने वाले भी सफर कर रहे हैँ.बस स्टैंड में सुबह से देर शाम तक चहल-पहल बनी रही। कई परिवार अपने बच्चों के साथ सफर करते नजर आए, वहीं हाथों में राखी और मिठाई के डिब्बे लिए बहनें अपने मायके और भाइयों के घर जाने के लिए बसों का इंतजार करती दिखीं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बस संचालकों ने भी निर्धारित समय पर बसों का संचालन किया ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
धमतरी के नए बस स्टैंड से प्रतिदिन करीब 250 से 300 बसों का आवागमन होता है, लेकिन रक्षाबंधन के पूर्व यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने से बस स्टैंड पर दिनभर रौनक बनी रही। यात्रियों का कहना है कि त्योहार परिवारों को जोड़ने का अवसर होता है, इसलिए दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी इस मौके पर अपने घर पहुंचने की पूरी कोशिश करते हैं।

