बोल बम सेवा समिति, डिहीपारा मे भव्य भंडारे का आयोजन
सावन माह के अंतिम दिवस पर कांवड़ यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं ने किया प्रसादी वितरण

नगरी। सावन माह के अंतिम दिवस के अवसर पर वार्ड क्रमांक 01 डीही पारा के श्रद्धालुओं एवं बोल बम सेवा समिति द्वारा राजेश चोपड़ा जी की दुकान के सामने, नगरी धमतरी मुख्य मार्ग के सामने भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों एवं श्रद्धालुओं को खीर, पूरी एवं अन्य प्रसादी का वितरण किया गया।
डिही पारा के श्रद्धालु प्रतिवर्ष सावन माह में क्षेत्र के प्रसिद्ध कोटेश्वर धाम एवं कणेश्वर धाम तक कांवड़ यात्रा कर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करते हैं। सफल कांवड़ यात्रा के समापन एवं सावन माह की विदाई के अवसर पर हर वर्ष इसी स्थान पर भंडारे का आयोजन किया जाता है।
भव्य भंडारे में नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा भी शामिल हुए। उनके साथ पार्षद डागेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव, राजा पवार एवं योगेश साहू ने श्रद्धालुओं और राहगीरों को अपने हाथों से प्रसादी वितरित की। इस अवसर पर अध्यक्ष एवं पार्षदों ने पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ से नगरी नगर पंचायत की समृद्धि, खुशहाली, शांति एवं निरंतर विकास की कामना की।कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा एवं पार्षदों के पहुंचने पर बोल बम सेवा समिति एवं डीपापारा वार्डवासियों ने आत्मीय स्वागत किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
