खेलो इंडिया संवाद में गूंजा खेल, फिटनेस और युवा शक्ति का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संवाद के सीधे प्रसारण से युवाओं में दिखा उत्साह, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

धमतरी- राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवाओं में खेल भावना, फिटनेस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा जिला प्रशासन धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, रुद्री में किया गया। कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने खेल, फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व, नवाचार, कौशल तथा विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर सार्थक संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशभर के खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद का सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री के प्रेरक विचारों और खिलाड़ियों के अनुभवों ने उपस्थित युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। युवाओं ने खेलों को केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम न मानकर स्वस्थ जीवनशैली, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में श्रीमती रंजना साहू, पूर्व विधायक धमतरी, निरंजन सिन्हा, अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर, अबिनाश मिश्रा, कलेक्टर धमतरी, जयंत नाहटा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, श्रीमती अनीता यादव, जिला अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ भाजपा धमतरी तथा प्राचार्य श्री अमित मिश्रा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि खेल स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त समाज की आधारशिला है। युवाओं को अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देते हुए खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
निरंजन सिन्हा ने कहा कि खेल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। खेल के मैदान में सीखी गई प्रतिबद्धता और संघर्ष की भावना जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता का आधार बनती है।पहलवान एवं कुश्ती प्रशिक्षक लक्ष्मण साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि खेल में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से असफलताओं से सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी आराध्य चोपड़ा ने अपनी खेल यात्रा साझा कर युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने एशियन कप मकाऊ में कांस्य पदक, नेशनल गेम्स एवं सीनियर नेशनल में स्वर्ण पदक तथा यूथ रैंकिंग में स्वर्ण पदक अर्जित कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सफलता किसी एक दिन की उपलब्धि नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है।
उत्कृष्ट सेवाओं और खेल प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। रामावतार सिंह राजपूत, सहायक उप निरीक्षक को अनुशासन, उत्कृष्ट कार्य, निष्ठापूर्वक सेवा एवं कर्तव्यनिष्ठा के क्षेत्र में राष्ट्रपति द्वारा विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित होने पर सम्मानित किया गया। वहीं लक्ष्मण साहू पहलवान एवं कुश्ती प्रशिक्षक को खेल अलंकरण ‘शहीद विनोद चौबे सम्मान’ से सम्मानित किए जाने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिले एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 प्रतिभाशाली युवाओं एवं खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
खेल के साथ नवाचार और कौशल को भी मिला मंच
कार्यक्रम में युवाओं की रचनात्मक एवं उद्यमशील क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए स्टार्टअप एवं स्किल प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। प्रदर्शनी में विभिन्न स्टार्टअप्स एवं युवाओं ने अपने नवाचार, तकनीकी कौशल और रचनात्मक कार्यों का प्रदर्शन किया। इससे विद्यार्थियों को खेल के साथ-साथ नवाचार, उद्यमिता और कौशल विकास के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी मिली।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को ‘फिट इंडिया, खेलो इंडिया और विकसित भारत’ की भावना को आत्मसात करते हुए खेल एवं फिटनेस को अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही युवाओं से अपनी प्रतिभा को निखारने, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
