35.87 करोड़ की सड़क स्वीकृति पर संबलपुर में गूंजा स्वागत, महापौर रामू रोहरा का ग्रामीणों ने किया भव्य अभिनंदन
संबलपुर से छाती तक 16 किमी सड़क बनेगी, वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से ग्रामीणों में खुशी

धमतरी- संबलपुर से बोड़रा, बलियारा, भोथली, कंडेल, झिरिया, उड़ेना होते हुए छाती तक करीब 16 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 35.87 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। सड़क निर्माण की स्वीकृति पर शनिवार को संबलपुर में ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम महापौर रामू रोहरा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
महापौर के संबलपुर पहुंचते ही ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान ‘विकास कार्यों के लिए धन्यवाद’ और ‘सड़क स्वीकृति पर आभार’ के नारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। ग्रामीणों ने कहा कि इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण की स्वीकृति से क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है।
आवागमन के साथ विकास को मिलेगी रफ्तार
करीब 16 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण से संबलपुर सहित बोड़रा, बलियारा, बोथली, कंडेल, झिरिया, उड़ेना और छाती क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। सड़क बनने से ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, वहीं कृषि उपज के परिवहन, व्यापारिक गतिविधियों, विद्यार्थियों और मरीजों के आवागमन में भी सुविधा होगी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
महापौर ने कहा —जनता की जरूरतों को पूरा करना प्राथमिकता
महापौर रामू रोहरा ने ग्रामीणों के स्वागत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की मूलभूत जरूरतों को पूरा करना और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क क्षेत्र के हजारों लोगों की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ा विषय था। इस महत्वपूर्ण मार्ग के लिए 35.87 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिलना क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद गांवों के बीच संपर्क और मजबूत होगा तथा ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारी प्राथमिकता है।
महापौर ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। सड़क, पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धमतरी क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ प्रयास जारी रहेंगे।
ग्रामीणों ने जताया आभार
सड़क स्वीकृति से उत्साहित ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब 35.87 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों में नई उम्मीद जगी है। ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने महापौर रामू रोहरा का आभार जताते हुए कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र की तस्वीर बदलने के साथ ही विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
इस अवसर पर निशु चंद्राकर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष ,राजेश चंद्राकर पूर्व सरपंच, सतीश चंद्राकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता, हेमंत चंद्राकर भाजपा जिला मंत्री , आनन्द स्वरूप मेश्राम भाजपा महामंत्री, तारेंद्र चंद्राकर सहकारी समिति अध्यक्ष , मंजू चंद्राकर सरपंच संबलपुर, सुमन प्रीतम साहू सरपंच बोडरा, चुम्मन हीरासिंग कंवर सरपंच बलियारा, कोमल नेताम , हेमंत साहू, बीरू ध्रुव,प्रेमा यादव,श्रीमती दुर्गा नेताम, शकीना मानिकपुरी, रेणुका साहू, भूमिका कोर्राम, पूर्णिमा बनपेला,कामेश्वरि साहू, नमिता साहू, रामाधार साहू,रामरतन गौतम,सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
