Uncategorized

इतवारी बाजार में मांस बिक्री को उचित स्थान पर विस्थापित करने की मांग

चैंबर ऑफ कॉमर्स ने महापौर, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन


धमतरी। धमतरी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की जिला इकाई ने इतवारी बाजार क्षेत्र में मांस बिक्री को उचित एवं निर्धारित स्थान पर विस्थापित करने तथा नागरिकों को आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से सुरक्षा दिलाने की मांग को लेकर नगर निगम महापौर रामू रोहरा, निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चैंबर पदाधिकारियों ने कहा कि इतवारी बाजार धमतरी का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील क्षेत्र है। यहां मांस बिक्री के पश्चात छोड़े जाने वाले अवशेषों के कारण लगातार कुत्तों की संख्या बढ़ रही है। इससे रात के समय बाजार क्षेत्र में आवागमन करने वाले नागरिकों में भय का वातावरण बना हुआ है। चैंबर ने इसे केवल स्वच्छता अथवा बाजार व्यवस्था का विषय न बताते हुए आम जनता की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया। चैंबर ने कहा कि इतवारी बाजार अनेक धार्मिक एवं पवित्र स्थलों से घिरा हुआ है। लंबे समय तक मांस के अवशेष खुले में पड़े रहने से कुत्तों का यहां एकत्रित होना और उनके आक्रामक व्यवहार की आशंका बनी रहती है, जिससे भविष्य में गंभीर दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो सकती है। ज्ञापन में मांस बिक्री के लिए व्यवस्थित, निर्धारित एवं उपयुक्त स्थान सुनिश्चित करने तथा इतवारी बाजार जैसे संवेदनशील क्षेत्र से इसे उचित स्थान पर विस्थापित करने की मांग की गई है। चैंबर पदाधिकारियों ने बताया कि इस विषय को पिछले दिनों प्रशासनिक एवं सामाजिक स्तर पर लगातार उठाया जा रहा है। उन्होंने महापौर से संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर व्यावहारिक, ठोस एवं स्थायी समाधान की दिशा में पहल करने का आग्रह किया। चैंबर ने उम्मीद जताई कि बिना किसी प्रकार की कोताही बरते मांस बिक्री को उचित स्थान पर विस्थापित करने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, जिला इकाई धमतरी की ओर से अध्यक्ष कैलाश कुकरेजा, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश रोहरा (राजा) एवं प्रदेश मंत्री आलोक पाण्डेय सहित पदाधिकारियों के हस्ताक्षर से सौंपा गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!