मेरे सपनों का भारत चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
तीन दिवसीय आयोजन में चित्रकला, भाषण और रंगोली प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

भखारा-भठेली। मेरे सपनों का भारत विषय पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान चित्रकला, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
इस कड़ी में भखारा एवं भठेली के सेजेस, बिसाहू सिंह गौर स्कूल, माध्यमिक शाला भखारा तथा प्राथमिक शाला भठेली के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की। बच्चों ने अपने चित्रों और रंगोली के माध्यम से भारत के विकास, संस्कृति, प्रकृति, स्वच्छता, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की कल्पना को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और देश के प्रति प्रेम की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि हरख जैन,उपाध्यक्ष विष्णु साहू, पार्षद हितेंद्र साहू, छबीलाल निर्मलकर, ईश्वर साहू,भूपेंद्र यादव, भुवन निर्मलकर, प्राचार्य दीपक चौधरी, प्रधान पाठिका उषा साहू एवं रवि ठाकुर सहित पालकगण सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।विद्यालय परिवार एवं उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।


