किसान हितों के लिए लगातार कार्य कर रही केंद्र सरकार : श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन
अछोटा में वार्षिक सम्मेलन, भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती एवं किसान सम्मेलन का आयोजन

अछोटा। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, अछोटा में समिति का वार्षिक सम्मेलन, भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन उपस्थित रही। कार्यक्रम में समिति के वार्षिक आय-व्यय का संपूर्ण विवरण प्रस्तुत किया गया। उपस्थितजनों ने भगवान श्री विश्वकर्मा जी की पूजा-अर्चना कर सृष्टि के रचयिता को नमन किया।
कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत श्याम कल को सहकारी समिति प्रांगण एवं अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने कहा कि हमारे किसान देश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं। किसानों के हितों की रक्षा एवं उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाते हुए उनकी आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर सुविधाएं एवं आर्थिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहकारिता क्षेत्र को सशक्त किया जा रहा है। सहकारिता मंत्रालय का गठन भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में किसानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध किसान ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करेंगे।
वरिष्ठ नेता एवं कृषक प्रकाश गोलछा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा सहकारिता के माध्यम से अपनी आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ नेता ऋषभ देवांगन ने कहा कि सहकारिता किसानों को एकजुट कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के समन्वय से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में प्राधिकृत अध्यक्ष सोहन लाल यादव ने समिति की गतिविधियों एवं किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। ग्राम सरपंच श्रीमती संतोषी बाई ढीमर ने भी सभा को संबोधित किया।इस अवसर पर वरिष्ठ किसान निर्भय राम यादव एवं राम प्रताप साहू, पूरन ध्रुव हरीराम ध्रुव सखाराम ध्रुव, गैंदालाल ढीमर ,सहित समिति के व्यवस्थापक बिरेंद्र सिन्हा, मनोज सिन्हा व बड़ी संख्या में किसान व समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।
