घठुला क्लस्टर शिविर में 528 आवेदन प्राप्त, 509 का मौके पर निराकरण
विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, किट एवं उपकरण वितरित

धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जन शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड नगरी के ग्राम पंचायत घठुला में क्लस्टर स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी मांग एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। उक्त शिविर में ग्राम पंचायत घठुला, लटियारा, पाईकभाठा, रतावा, पोड़ागांव, लखनपुरी, फरसगांव, पांवद्वार, गिधावा, बोरई, घुटकेल, मैनपुर, बिरनासिली एवं लिखमा के ग्रामीण शामिल हुए। शिविर के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई तथा विभागीय स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में कुल 528 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 523 मांग एवं 05 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्राप्त आवेदनों में से 509 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई। अधिकारियों ने शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। कार्यक्रम में जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गरिमा नेताम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रेमलता नागवंशी, जनपद सदस्य सोनराज वट्टी, हनिफ अली, श्रीमती सत्यवती नेताम, पन्नालाल मरकाम, भाजपा मंडल महामंत्री मोनू साहू, पूर्व महामंत्री राकेश चौबे तथा पूर्व उपाध्यक्ष जनपद पंचायत नगरी हुमित लिमजा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

