Uncategorized

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर महापौर रामू रोहरा ने दी शुभकामनाएं


धमतरी। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने जिले एवं प्रदेश के समस्त पत्रकारों, संपादकों, छायाकारों और मीडिया कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। महापौर रामू रोहरा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक, शिक्षित और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग बनाने का सशक्त साधन है। पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हुए समाज की आवाज को मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान समय तक जनजागरण, सामाजिक सुधार और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बदलते समय और तकनीकी युग में भी पत्रकार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए निष्पक्ष एवं तथ्यपरक समाचारों के माध्यम से समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। महापौर ने कहा कि पत्रकारों की लेखनी समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है। निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने में भी अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी पत्रकारों के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पत्रकारिता के उच्च आदर्शों और मूल्यों को बनाए रखते हुए मीडिया जगत समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाता रहेगा। हिंदी पत्रकारिता दिवस हमें पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास को याद करने और उसके मूल उद्देश्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!