Uncategorized

बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर किया गया शिफ्ट

सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने कोलियरी सहित खरेंगा और रुद्री घाट का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

धमतरी- जिले में लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत कोलियरी में जलभराव से प्रभावित 12 परिवारों को सुरक्षित रूप से बाढ़ आपदा भवन में शिफ्ट किया गया है। ग्राम पंचायत द्वारा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने ग्राम पंचायत कोलियरी पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को राहत एवं आवश्यक सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

श्री नाहटा ने क्षेत्र के खरेंगा एवं रुद्री घाट का भी निरीक्षण कर जलस्तर एवं आसपास की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नदी-घाटों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी एवं जनपद पंचायत सीईओ सुश्री वर्षा रानी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे नदी, नाले, घाट एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा जिला कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!