भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन मणिपुर की जलती हकीकत और देश भर में कांग्रेस के वोट चोरी आंदोलन से ध्यान भटकाने का असफल प्रयास: तारिणी चंद्राकर

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स में प्रोफेसर और मणिपुर से कांग्रेस के लोकसभा सांसद अंगोमचा बिमोल अकोजाम को जानबूझकर निशाना बनाए जाने और उनके खिलाफ राजनीति से प्रेरित प्रोपेगैंडा के तहत भाजपा महिला मोर्चा द्वारा किए गए कांग्रेस भवन के घेराव को एक बेहद शर्मनाक और असफल नाटक करार दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देश भर में कांग्रेस पार्टी द्वारा जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए ‘वोट चोरी आंदोलन’ चलाया जा रहा है, जिससे डरी और बौखलाई भाजपा अब अपनी महिला मोर्चा को आगे कर इस मुख्य मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने का निष्फल प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के इशारे पर प्रदर्शन करने वाली इन महिला कार्यकर्ताओं की नैतिकता पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है। तारिणी चंद्राकर ने सीधे तौर पर भाजपा महिला मोर्चा से सवाल पूछते हुए कहा, विगत तीन वर्षों से हमारा मणिपुर राज्य हिंसा की आग में जल रहा है। वहाँ की महिलाओं को उग्र भीड़ द्वारा नग्न करके सड़कों पर घुमाया गया, सरेआम उनका यौन उत्पीड़न हुआ और सामूहिक बलात्कार की कई बेहद गंभीर एवं वीभत्स शिकायतें सार्वजनिक रूप से पूरी दुनिया के सामने आईं। क्या भाजपा महिला मोर्चा ने मणिपुर के इन अत्यंत संवेदनशील और हृदयविदारक विषयों को लेकर कभी भी अपनी आवाज उठाई है? क्या उन्होंने कभी दिल्ली में बैठे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस अक्षम्य अपराध को लेकर कोई जवाब माँगा है? जब मणिपुर की हमारी बहनें न्याय के लिए तड़प रही थीं, तब भाजपा की यह महिला मोर्चा कहाँ छिपी हुई थी, उन्होंने आगे कहा कि प्रोफेसर और सांसद अंगोमचा बिमोल अकोजाम मणिपुर की जनता और वहां की महिलाओं की आवाज को संसद से लेकर सड़क तक पूरी मजबूती से उठा रहे हैं। चूंकि वे भाजपा की नाकामी को बेनकाब कर रहे हैं, इसलिए सुनियोजित साजिश के तहत उन्हें बदनाम करने के लिए भाजपा महिला मोर्चा द्वारा राजनीतिक प्रपंच रचा जा रहा है, जिसे देश और प्रदेश की जनता भली-भांति समझ चुकी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने दोटूक शब्दों में कहा कि यदि भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं के भीतर थोड़ी भी नैतिकता और संवेदना बची है, तो वे इनर मणिपुर के कांग्रेस सांसद के ऊपर लगाए गए पूरी तरह से झूठे, आधारहीन और राजनीतिक आरोपों के ढोंग को तुरंत छोड़ें। उन्हें आज मणिपुर सहित देश की उन लाखों पीड़ित महिलाओं के साथ खड़ा होना चाहिए, जो भाजपा की डबल इंजन सरकारों की प्रशासनिक विफलता के कारण हर दिन यौन उत्पीड़न, अत्याचार और हिंसा का शिकार हो रही हैं। कांग्रेस भवन का घेराव करने से भाजपा के पाप और उनकी नाकामी छिपने वाली नहीं है, और कांग्रेस पार्टी जनता के हक की लड़ाई और ‘वोट चोरी’ के खिलाफ अपना आंदोलन पूरी ताकत से जारी रखेगी।