विजयदशमी की तैयारियों का महापौर रामू रोहरा और आयुक्त अरुण वर्मा ने लिया जायजा
कलेक्ट्रेट चौक से रुद्री तक पेंटिंग कार्य का भी लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा विजयदशमी पर्व को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।इस वर्ष एकलव्य खेल मैदान में विजयदशमी का पर्व उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
आयोजन को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से महापौर रामू रोहरा एवं निगम आयुक्त अरुण वर्मा ने दशहरा मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान महापौर एवं आयुक्त ने दशहरा मैदान में आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि विजयदशमी शहर का एक प्रमुख पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होते हैं। ऐसे में आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
दशहरा मैदान के निरीक्षण के पश्चात महापौर रामू रोहरा एवं आयुक्त अरुण वर्मा ने कलेक्ट्रेट चौक से रुद्री तक किए जा रहे पेंटिंग कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर चल रहे कार्य की स्थिति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए तथा कार्यों को समय पर पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
महापौर ने शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। वहीं, आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त पीसी सार्वा, प्र.कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत, एमआईसी सदस्य अखिलेश सोनकर,पार्षद मेघराज ठाकुर, तल्लीनपुरी गोस्वामी,अज्जू देश लहरे,कुलेश सोनी,एवं प्र. स्वास्थ्य अधिकारी एवं उप अभियंता कमलेश ठाकुर सहित नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित थे।