Uncategorized

सेना भर्ती की तैयारी को परखने का मिलेगा अवसर, 29 नवंबर को धमतरी में होगा फाइनल रिहर्सल

इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी 1600 मीटर दौड़, शारीरिक दक्षता, ड्रिल एवं मेडिकल टेस्ट की प्रक्रिया, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को मिलेगा नकद पुरस्कार


धमतरी। नि:शुल्क कमांडो प्रशिक्षण केंद्र, मिलिट्री एकेडमी धमतरी के तत्वावधान में आगामी 29 नवंबर, रविवार को प्रात: 6 बजे से इंडोर स्टेडियम धमतरी में सेना भर्ती रैली की फाइनल रिहर्सल एवं मेडिकल टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इस अभ्यास सत्र में अभ्यर्थियों को सेना भर्ती रैली के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप विभिन्न शारीरिक एवं व्यावहारिक परीक्षणों से गुजरना होगा। इसमें 1600 मीटर दौड़, शारीरिक दक्षता परीक्षण, ड्रिल तथा मेडिकल टेस्ट शामिल हैं। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, अनुशासन और तैयारी का आकलन करने का अवसर मिलेगा। उल्लेखनीय है कि आगामी 12 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। रिहर्सल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को 5,001 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3,001 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1,001 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजन में शामिल होने के लिए प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। मिलिट्री एकेडमी धमतरी ने जिले के युवाओं से इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थी 29 नवंबर को प्रात: 6 बजे इंडोर स्टेडियम धमतरी में उपस्थित होकर रिहर्सल में भाग ले सकते हैं। उन्हें अपने साथ आधार कार्ड, खेल पोशाक एवं आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!