ब्राम्हणपारा के हनुमान मंदिर में घुसकर मंदिर में रखे त्रिशुल से दानपेटी का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने की चोरी
वार्डवासियों ने कहा दानपेटी से 15-20 हजार की हुई चोरी, सीसीटीवी फूटेज में चोर कैद, लेकिन रात के अंधेरे के चलते चेहरे नहीं स्पष्ट
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत सहित स्टाफ पहुंचे मौके पर, हो रही पड़ताल

धमतरी. चोरो के हौसले बुलंद हो चुके है। सूने मकानों, दुकानों के साथ ही अब धार्मिक स्थलों पर भी चोरी की वारदात को अंंजाम दे रहे है। बीती रात्रि शहर के एक मंदिर में घुसकर दानपेटी का ताला तोड़कर भीतर रखे नगदी रकम को चोरी कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार ब्राम्हणपारा वार्ड अन्तर्गत कुम्हारपारा के पास स्थित हनुमान मंदिर बीती रात्रि लगभग दो बजे एक व्यक्ति मंदिर की ग्रील फांदकर भीतर प्रवेश किया और मंदिर में लगे दानपेटी का ताला मंदिर में ही रखे त्रिशुल से तोड़़कर दानपेटी के भीतर रखे नगदी रकम को ले उड़ा। चोर जब दानपेटी से पैसे चुरा रहा था इसी दौरान सामने स्थित घर की महिला लीला देवांगन चोर को चोरी करते देखा और शोर मचाने लगी जिसके पश्चात चोर आनन-फानन में पैसे जेब में भरकर भागने लगा। जिससे कुछ रुपये सड़क पर काफी दूर तक बिखरा रहा। वार्डवासियों ने बताया कि लगभग दो साल मंदिर के दानपेटी को खोला नहीं गया था ऐसे में दानपेटी में 15 से 20 हजार रुपये की चोरी की आशंका जताई जा रही है। सुबह होते ही इसकी सूचना वार्डवासियों ने वार्ड पार्षद कोमल सार्वा दी । जिसके पश्चात सिटी कोतवाली थाने में पार्षद व वार्डवासियों द्वारा लिखित शिकायत की गई। जिसके पश्चात सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत व स्टाफ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की गई। बता दे कि जिस स्थान पर मंदिर में चोरी हुई है उस मार्ग में तीन घरो में सिटी टीवी कैमरे लगे हुए है जिनके फूटेज पुलिस खंगाल रही है। इसके अतिरिक्त खोडिय़ा तालाब मार्ग में चोर भागा उस इलाके में भी स्थित कैमरो की पड़ताल की जा रही है। फूटेज में चोर तो कैद हुआ लेकिन रात के अंधेरे व सिर पर टोपी के कारण चेहरा स्पष्ट नहीं है। हालांकि शारीरिक कद काठी व चाल चलन से चोर की पहचान का प्रयास जारी है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होगा।

