सोने-चांदी के गिरते भाव से सराफा बाजार में दोहरा असर, ग्राहकी बढ़ी लेकिन छोटे कारोबारियों की चिंता भी बढ़ी
शादी सीजन से पहले भाव में गिरावट से खरीदारी को मिल रहा बढ़ावा, महंगे दाम पर खरीदे स्टॉक को कम कीमत पर बेचने की मजबूरी

धमतरी। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार आ रही गिरावट का असर सराफा बाजार में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। कीमती धातुओं के दाम कम होने से जहां एक ओर आम ग्राहकों और शादी-विवाह की तैयारी कर रहे परिवारों को राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर सराफा कारोबारियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। बाजार में सोने-चांदी के भाव में गिरावट का दोहरा प्रभाव देखने को मिल रहा है। एक तरफ कम कीमत का फायदा उठाते हुए ग्राहक खरीदारी के लिए दुकानों का रुख कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ पहले ऊंचे भाव पर सोना-चांदी खरीदकर स्टॉक रखने वाले छोटे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। शादी सीजन नजदीक होने के कारण इन दिनों सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। जिन परिवारों में विवाह समारोह होने वाले हैं, वे गिरते भाव को खरीदारी के बेहतर अवसर के रूप में देख रहे हैं। लंबे समय से सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के चलते खरीदारी टाल रहे ग्राहक भी अब कम भाव का लाभ उठाने के लिए सराफा दुकानों तक पहुंच रहे हैं। खासकर शादी के लिए आवश्यक आभूषणों की खरीदारी करने वाले परिवारों को कीमतों में कमी से कुछ राहत मिल रही है। हालांकि, कीमतों में लगातार गिरावट सराफा कारोबार के एक बड़े वर्ग के लिए परेशानी का कारण बन रही है। विशेषकर नए और छोटे सराफा व्यापारियों को इसका अधिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन व्यापारियों ने जब सोना-चांदी खरीदा था, उस समय बाजार में कीमतें काफी अधिक थीं। अब भाव गिरने के बाद उन्हें उसी पुराने स्टॉक को वर्तमान कम कीमत के अनुसार बेचना पड़ रहा है। ऐसे में प्रति ग्राम और प्रति तोला कीमतों में अंतर के कारण उनकी पूंजी का मूल्य घट रहा है और कारोबार में नुकसान की स्थिति बन रही है। इसका सबसे अधिक असर उन छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है, जिन्होंने सीमित पूंजी या कर्ज लेकर सराफा व्यवसाय शुरू किया है। बड़े व्यापारी अपनी आर्थिक क्षमता और कारोबार के बड़े दायरे के कारण बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव को कुछ हद तक सहन कर पा रहे हैं, लेकिन छोटे कारोबारियों के लिए लगातार गिरते भाव के बीच पुराने स्टॉक को संभालना और व्यापार को सुचारू रूप से चलाना चुनौती बन गया है। उन्हें एक ओर ग्राहकों को वर्तमान बाजार भाव पर आभूषण उपलब्ध कराने पड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर महंगे दाम पर खरीदे गए सोने-चांदी की लागत भी निकालना मुश्किल हो रहा है। व्यापारियों के सामने सबसे बड़ी चिंता यह भी है कि कीमतों में गिरावट का सिलसिला कब थमेगा और बाजार में स्थिरता कब आएगी? यदि भाव में लगातार उतार-चढ़ाव जारी रहता है तो छोटे कारोबारियों की कार्यशील पूंजी पर इसका और अधिक असर पड़ सकता है। कुल मिलाकर धमतरी के सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट ने ग्राहकों के लिए खरीदारी के अवसर बढ़ाए हैं, लेकिन व्यापारियों के लिए परिस्थितियां एक जैसी नहीं हैं। जहां शादी सीजन के चलते बाजार में ग्राहकी बढऩे की उम्मीद है, वहीं छोटे और नए व्यापारियों के लिए पुराने स्टॉक की कीमतों में आई कमी आर्थिक नुकसान का कारण बन रही है। ऐसे में सोने-चांदी के गिरते भाव ने सराफा बाजार में राहत और चिंता, दोनों की स्थिति पैदा कर दी है।
सोना अपने आलटाईम हाई भाव प्रतितोला 1 लाख 76 हजार के भाव से घटकर वर्तमान में 1 लाख 23-24 हजार के आसपास पहुंच गया है। वहीं चांदी के आलटाईम उच्च भाव 4 लाख 20 हजार रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था, वर्तमान में 1 लाख 70 हजार रुपये के आसपास भाव है।
