कांग्रेस पर्यवेक्षक के समक्ष नगर पंचायत अध्यक्ष व पार्षद पद के दावेदारों ने दिया आवेदन
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी द्वारा आयोजित बैठक में पर्यवेक्षक श्री पवार हुए कार्यकर्ताओं से रुबरु
यह चुनाव सिर्फ राजनीतिक लड़ाई नहीं है, बल्कि यह नगरी के विकास की दिशा तय करने वाली लड़ाई है – आनंद

नगरी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी के तत्वावधान में नगरी के गोंडवाना भवन में बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक नगरी नगर पंचायत चुनाव के पर्यवेक्षक और कांग्रेस के युवा नेता आनंद पवार के मार्गदर्शन में की गई। बैठक में अध्यक्ष एवं पार्षद पद के दावेदार, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में अध्यक्ष पद के लिए पेमन स्वर्णबेर, राघवेंद्र वर्मा और अनवर रजा ने अपनी दावेदारी पेश की। पार्षद पद के लिए सभी वार्डों से सैकड़ों दावेदारों ने अपनी इच्छाशक्ति और कांग्रेस पार्टी के प्रति निष्ठा जताई। पर्यवेक्षक में दावेदारों से चर्चा कर नब्ज टटोली, उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस चुनाव में एक मजबूत और संगठित रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। नगरी का इतिहास स्वतंत्रता सेनानियों का है, जिन्होंने न संसाधन देखा और न ही कोई डर। उन्होंने सिर्फ जनता और क्षेत्र के विकास की लड़ाई लड़ी। आज हमें भी उसी जज्बे और समर्पण के साथ बिना संसाधनों की परवाह किए विरोधियों के खिलाफ चुनाव लडऩा है। आंनद पवार ने आगे कहा कि यह चुनाव सिर्फ राजनीतिक लड़ाई नहीं है, बल्कि यह नगरी के विकास की दिशा तय करने वाली लड़ाई है। अब वक्त आ गया है कि कांग्रेस संगठन की ताकत, कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनता के विश्वास के बल पर नगरी को एक नई दिशा दें। यह चुनाव हमारा स्वाभिमान है और हम सबको मिलकर इसे कांग्रेस के लिए जीतना है। आनंद पवार ने सभी दावेदारों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि इस चुनाव में सफलता की कुंजी हमारे संगठन की मजबूती और हमारे जमीनी कार्यों में निहित है। हर घर तक हमारी बात पहुंचनी चाहिए। हमें लोगों को यह दिखाना होगा कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जो क्षेत्र के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। नगरी को नई पहचान दिलाने के लिए यह संघर्ष हर कार्यकर्ता का मिशन होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार कांग्रेस पार्टी एक व्यवस्थित और लोकतांत्रिक तरीके से प्रत्याशियों का चयन करेगी। हर वार्ड में सर्वेक्षण के आधार पर योग्य, जुझारू और जनता के बीच लोकप्रिय उम्मीदवार को चुनावी मैदान में उतारा जाएगा।
प्रत्याशियों का चयन पूरी तरह से पारदर्शी होगा
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि इस बार हम नगरी निकाय चुनाव को कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीतने जा रहे हैं। यह समय राजनीति से ऊपर उठकर कांग्रेस के आदर्शों और सिद्धांतों के लिए काम करने का है। पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने कहा कि प्रत्याशियों का चयन इस चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण है। हमें सत्ता पक्ष के झूठे प्रचार का जवाब मजबूत तैयारी और संगठित प्रयासों से देना होगा। पूर्व विधायक अशोक सोम ने बताया कि प्रत्याशियों का चयन पूरी तरह से पारदर्शी होगा। पर्यवेक्षक वार्डों में जाकर सर्वेक्षण करेंगे और जो जीतने की क्षमता रखते हैं, उन्हें ही टिकट मिलेगी।
पार्षद, पूर्व पार्षद समेत कई हुए कांग्रेस में शामिल
बैठक में कांग्रेस पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर कई प्रमुख व्यक्ति पार्टी में शामिल हुए। इनमें पूर्व पार्षद विक्की खनूजा, वार्ड क्रमांक 11 के भरेव देवांगन और वार्ड क्रमांक 14 के वर्तमान पार्षद प्रकाश पुजारी शामिल हैं। आनंद पवार और वरिष्ठ नेताओं ने इन सभी का स्वागत करते हुए कांग्रेस का गमछा पहनाया और उनका सम्मान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मीना बंजारे, जिला उपाध्यक्ष भानेद्र ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नगरी भूषण साहू, ज्ञानचंद गोलछा, निकेश ठाकुर, कमलेश मिश्रा, भारत निर्मलकर आदि उपस्थित थे। समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने नगरी क्षेत्र में कांग्रेस के लिए एक नई ऊर्जा से कार्य कर एकजुट होकर जीत के लिए कड़ी मेहनत करने का संकल्प लिया।

