Uncategorized

महापौर रामू रोहरा ने किया वादा पूरा, स्वच्छता दीदियों को मिली राहत

महापौर के प्रयास से स्वच्छता दीदियों के साप्ताहिक अवकाश और मानदेय में 800 की बढ़ोतरी

धमतरी- नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर रामू रोहरा ने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद अपने पहले फैसले से जनता और सफाई कर्मियों का दिल जीत लिया। शनिवार को निगम कार्यालय में विधि-विधान से पूजा करने के पश्चात महापौर ने अपनी पहली कार्य स्वच्छता दीदियों के हक में की। लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए उन्होंने स्वच्छता दीदियों को साप्ताहिक एक दिन का अवकाश देने और उनके मानदेय में 800 की बढ़ोतरी को अनुमोदित कर लागू करवाया।महापौर के इस फैसले से नगर निगम की सैकड़ों स्वच्छता दीदियों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने इस पहल के लिए रामू रोहरा का आभार व्यक्त किया और इसे ऐतिहासिक कदम बताया। सफाई कर्मियों ने कहा कि यह बढ़ोतरी उनके आर्थिक हालात सुधारने में मदद करेगी और साप्ताहिक अवकाश से वे अपने परिवार को अधिक समय दे पाएंगी और अधिक ऊर्जा से काम कर पाएंगी ।

*लंबे समय से थी मांग*

स्वच्छता दीदियां वर्षों से यह मांग कर रही थीं कि उन्हें सप्ताह में एक दिन का अवकाश मिले ताकि वे भी आराम कर सकें और अपने पारिवारिक दायित्वों को पूरा कर सकें। इसके अलावा, वेतन वृद्धि की मांग भी लंबे समय से की जा रही थी। महापौर रामू रोहरा ने अपने चुनावी प्रचार के दौरान इस मुद्दे को गंभीरता से लिया था और शपथ ग्रहण के बाद तुरंत इसे लागू कर दिखाया कि वे जनता और कर्मचारियों से किए गए वादों को निभाने में विश्वास रखते हैं।

*महापौर रामू रोहरा का बयान*

महापौर ने कहा, “स्वच्छता दीदियां हमारे शहर की सफाई और स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना मेरी प्राथमिकता है। यह सिर्फ शुरुआत है, आने वाले समय में और भी सुधार किए जाएंगे ताकि निगम के सफाई कर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।”

*स्वच्छता दीदियों ने जताया आभार*

महापौर के इस फैसले के बाद निगम कार्यालय में स्वच्छता दीदियों ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने महापौर का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला उनकी मेहनत को पहचान देने जैसा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी उनके कल्याण के लिए और ठोस कदम उठाए जाएंगे।रामू रोहरा का यह फैसला न केवल एक मजबूत प्रशासनिक पहल है, बल्कि उनके नेतृत्व की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। इस निर्णय से नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!