निकाय चुनाव के बाद जिला, जनपद चुनाव में भी भाजपा का कब्जा
जिला पंचायत व धमतरी, कुरुद, नगरी, मगरलोड में भी भाजपा की जीत
4, 5 मार्च को होगा जनपद जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चयन

धमतरी। नगरीय निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव के तीनो चरणों में भी भाजपा प्रत्याशियों ने बड़ी जीते दर्ज की है। इससे जिला पंचायत सहित सभी जनपदो में भाजपा का अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। ज्ञात हो कि धमतरी जिला पंचायत की 13 में से 11 सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। वहीं धमतरी जनपद पंचायत में 18 सीटों पर भाजपा 7 पर कांग्रेस, जनपद पंचायत कुरुद में 22 पर भाजपा 3 पर कांग्रेस, नगरी जनपद पंचायत में 14 सीट पर भाजपा, मगरलोड जनपद पंचायत में 15 भाजपा, 7 कांग्रेस व 1 सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी को जीत मिली है। इसी प्रकार पंच सरपंच चुनाव में भी भाजपा ने बहुमत हासिल किया है। पंचायत चुनाव के बाद जिपं और जनपद पंचायत में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया होगी। 4 मार्च को जनपदो में और 5 मार्च को जिपं में अध्यक्ष, उपाध्यक्षों का निर्वाचन होना है।
भाजपा ने कांग्रेस से छीना धमतरी, मगरलोड, कुरुद जनपद व जिला पंचायत
चुनाव के पूर्व धमतरी जिला पंचायत में कांग्रेस का कब्जा था। 13 में से 10 सदस्य थे। इस बार मात्र 2 सदस्य रह गये है। वहीं धमतरी, कुरुद व मगरलोड जनपद पंचायत में भी कांग्रेस की सत्ता थी अब यहां भी भाजपा काबिज होगी इस बार यह चुनाव कांग्रेस के लिए हार से भरा रहा है।
कांग्रेस में मंथन की जरुरत
नगरीय निकाय चुनाव में धमतरी नगर निगम सहित पांच में से चार नगर पंचायतों में भाजपा जीती है। कांग्रेस को एक नगर पंचायत में बस जीत मिल पाई है। वहीं अब जिपं और जनपद पंचायत में भी कांग्रेस साफ हो गई है। यह चुनाव परिणाम कांग्रेस के लिए आत्म मंथन करने वाला है। हालांकि अभी तक मंथन की कोई प्रयास नजर नहीं आ रहा है।


