Uncategorized

सौगात : कुरूद सिविल अस्पताल को किया जाएगा अपग्रेड, बनेगा नर्सिंग कॉलेज, इंडोर स्टेडियम


धमतरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कुरुद में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और रोजगार के क्षेत्र में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं, जिससे ना केवल विकास होगा बल्कि युवाओं के सपनों को साकार भी करेंगी। इन घोषणाओं के तहत 100 बिस्तरों वाला अस्पताल, नर्सिंग महाविद्यालय और इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जो युवाओं के लिए नए अवसरों का द्वार खोलेगा। कुरुद में अब 100 बिस्तर का अस्पताल अपग्रेड किया जाएगा। यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और स्थानीय स्तर पर इलाज की सुविधा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। अब कुरुद और आसपास के इलाकों के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। स्वास्थ्य सेवाओं के इस सुधार से न केवल लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा, बल्कि युवाओं के लिए चिकित्सा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना कुरुद में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम साबित होगी। इस महाविद्यालय के निर्माण से युवाओं को नर्सिंग में उच्च शिक्षा और करियर बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। नर्सिंग महाविद्यालय के बनने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और साथ ही यह कुरुद के युवाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे खोलेगा, जिससे उन्हें अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए ग्लोबल मानकों पर शिक्षा और रोजगार मिलेगा। इंडोर स्टेडियम का निर्माण कुरुद के युवाओं के लिए एक बेहतरीन उपहार है, जो खेलों के क्षेत्र में उनका मार्गदर्शन करेगा। 5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम में युवाओं को बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल जैसे खेलों में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। इस स्टेडियम में युवाओं को प्रशिक्षण, खेल प्रतिस्पर्धाएं और अन्य खेल गतिविधियों का अवसर मिलेगा, जिससे कुरुद के युवा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्तमंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने कुरुद विधानसभा क्षेत्र को इस ऐतिहासिक बजट में विशेष प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा, यह बजट क्षेत्रवासियों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है। विशेषकर युवाओं के लिए यह बजट सपने साकार करने का मौका प्रदान करेगा। बजट 2025 में किए गए ये ऐतिहासिक निर्णय कुरुद क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे। स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और रोजगार के क्षेत्र में होने वाले इन सुधारों से कुरुद एक प्रमुख विकास केंद्र बनेगा और युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसरों का द्वार खोलेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!