Uncategorized

शीतलापारा वार्ड में खुलेगी नई राशन दुकान

आबंटन के लिए 27 मार्च तक लिए जाएंगे आवेदन

धमतरी- धमतरी शहर के शीतलापारा वार्ड में नई राशन दुकान खुलेगी। नई दुकान खुल जाने से वार्ड के लगभग 550 राशन कार्डधारक परिवारों को रियायती दरों पर खाद्य सामग्री लेने में आसानी होगी। राशन दुकान आबंटन के लिए खाद्य शाखा, कलेक्टोरेट में 27 मार्च तक आवेदन लिए जाएंगे। इस शासकीय उचित मूल्य की दुकान के आबंटन के लिए स्थानीय नगरीय निकाय और पंजीकृत महिला स्व सहायता समूह, प्राथमिक कृषि साख समितियां, अन्य सहकारी समितियां, वन सुरक्षा समितियां और खाद्य शाखा द्वारा विनिर्दिष्ट उपक्रम भी पात्र होंगे। अन्य संस्थाओं या निजी व्यक्तियों को दुकान का आबंटन नहीं किया जाएगा। सहकारी समितियों और महिला स्वसहायता समूहों को आवेदन की तिथि से दो महीने पहले पंजीकृत और कार्यरत होना जरूरी होगा। स्थानीय संस्थाओं को आबंटन के लिए पंजीयन की अवधि, आर्थिक स्थिति, कार्यशीलता एवं अनुभव मापदण्ड होंगे।

जिला खाद्य अधिकारी बसंत कोर्राम ने बताया कि संस्था के पास दुकान संचालन के लिए पर्याप्त पूंजी एवं भवन होना जरूरी होगा। उचित मूल्य की दुकान आबंटित होने पर एक सप्ताह के भीतर निर्धारित अनुबंध पत्र निष्पादित करना होगा। एक सप्ताह में अनुबंध नहीं करने पर आबंटन स्वतः ही निरस्त माना जाएगा। आबंटन के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन देना होगा। अपूर्ण और कांट-छांट वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्था के बैंक खाते का पहला एवं भरे हुए अंतिम पेज की हस्ताक्षरित छायाप्रति, पंजीयन प्रमाण पत्र, कार्य अनुभव प्रमाण पत्र आवेदन के साथ आवश्यक रूप से जमा करना होंगे। आवेदन पत्रों में संस्था के अध्यक्ष-सचिव के हस्ताक्षर व संस्था की सील भी जरूरी होगी। आवेदन के साथ प्रस्तुत किए जाने वाले सभी दस्तावेजों में संस्था की सील एवं हस्ताक्षर भी होना जरूरी होगा। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि आवेदन 27 मार्च 2025 को शाम पांच बजे तक कलेक्टोरेट, खाद्य शाखा में जमा किए जा सकेंगे। निर्धारित दिन और समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!