Uncategorized

देहली पब्लिक स्कूल में श्रद्धा भाव व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रामनवमी का पर्व

भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, संयम, निष्ठा और आदर्शों का प्रतीक है - प्राचार्य डॉ. नितिन कुमार शर्मा


धमतरी। देहली पब्लिक स्कूल में रामनवमी का पावन पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर विद्यालय परिसर को सुंदर रंगोलियों, पुष्पों और धार्मिक ध्वजों से सजाया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. नितिन कुमार शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कक्षा 12वीं की छात्रा भवी जैन ने अपने विचारों के माध्यम से रामनवमी के महत्व को बहुत ही सुंदर शब्दों में व्यक्त किया। उन्होंने कहा, भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्तव्य और धैर्य की प्रेरणा देता है। हमें उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए एक आदर्श नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए। इसके बाद विद्यालय के संगीत समूह द्वारा भक्ति गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कक्षा 7वीं और 8वीं के छात्रों ने भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित एक नाट्य प्रस्तुति दी, जिसमें उनके जीवन से जुड़े प्रमुख प्रसंगों जैसे वनवास, रावण वध और रामराज्य की झलक दिखाई गई। बच्चों की अभिनय प्रतिभा और संवाद ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. नितिन कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, संयम, निष्ठा और आदर्शों का प्रतीक है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सदैव सत्य और धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। यही हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस प्रकार रामनवमी का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल एक सांस्कृतिक उत्सव बना, बल्कि उन्हें नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिकता की गहराई से भी परिचित कराया गया । विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी विद्यार्थियों को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं शुभेच्छाएँ प्रेषित की गईं। उन्होंने इस पावन पर्व के माध्यम से छात्रों को सत्य, धर्म और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!