Uncategorized

तकनीकी शिक्षा की ओर सार्थक कदम

बी.आर.पी. शासकीय पॉलिटेक्निक, धमतरी द्वारा प्रवेश जागरूकता अभियान

धमतरी, 01 मई 2025/ तकनीकी शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने और युवाओं को डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से बी.आर.पी. शासकीय पॉलिटेक्निक, धमतरी एवं शासकीय पॉलिटेक्निक, कुरूद द्वारा विशेष प्रवेश जागरूकता अभियान चलाया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पॉलिटेक्निक डिप्लोमा की जानकारी देना और उन्हें प्री-पॉलिटेक्निक टेस्ट (PPT) में सहभागिता के लिए प्रेरित करना था।

संस्थान के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी श्री जी.आर. साहू के मार्गदर्शन में संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों की टीम ने जिले के विभिन्न हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्हें करियर मार्गदर्शन दिया गया और PPT परीक्षा हेतु नि:शुल्क फॉर्म भरवाए गए। अभियान की विशेष उपलब्धि यह रही कि 500 से अधिक विद्यार्थियों के फॉर्म नि:शुल्क जमा कराए गए।

परीक्षा के दिन विद्यार्थियों की सुविधा हेतु जिला प्रशासन द्वारा नि:शुल्क परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की गई। यह व्यवस्था जिला कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा और श्री टी आर जगदले जिला शिक्षा अधिकारी के सहयोग से सुचारु रूप से संचालित हुई, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

परीक्षा केंद्रों पर बी.आर.पी. पॉलिटेक्निक, धमतरी एवं शासकीय पॉलिटेक्निक, कुरूद में संचालित डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की जानकारी देने हेतु पम्पलेट वितरित किए गए। इनमें कंप्यूटर साइंस, सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन, बायोमेडिकल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, सीमेंट टेक्नोलॉजी तथा माइनिंग एंड माइन सर्वेइंग जैसे तकनीकी विषयों के साथ-साथ रोजगार की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण योजना की जानकारी भी साझा की गई, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को कम ब्याज दर पर शासकीय गारंटी के साथ शैक्षणिक ऋण प्रदान किया जाता है।

यह अभियान जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बी.आर.पी. शासकीय पॉलिटेक्निक, धमतरी का यह प्रयास न केवल युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर भी प्रेरित करता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!