Uncategorized

आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकना ही सच्ची देशभक्ति है-प्रांत सेवा सह प्रमुख मोहन साहू


धमतरी. कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की शांति समिति की बैठक के उपरांत प्रांत सेवा सह प्रमुख मोहन साहू ने हिंदू जागरण मंच के दायित्व वान कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर कहा कि जिस प्रकार से हाल ही में पहलगाम में जिहादी आतंकवादियों ने एक और कायराना घटना को अंजाम दिया, वह अत्यंत शर्मनाक और मानवता के लिए कलंक है। यह कोई पहली बार नहीं है जब आतंक के इन सौदागरों ने भारत की भूमि को लहूलुहान किया है। दशकों से इनकी यह घृणित गतिविधियाँ चलती आ रही हैं चाहे वह 1990 का वह वीभत्स काल हो, जब हजारों-लाखों कश्मीरी पंडितों को रातोंरात अपने ही घरों से बेघर कर दिया गया, या उनकी बहन-बेटियों पर किए गए अमानवीय अत्याचार। हमें उस समय ही कठोर कदम उठाकर इन कट्टरपंथी मानसिकताओं को कुचल देना चाहिए था, पर अब और देर नहीं होनी चाहिए। आज यह ज़रूरी हो गया है कि आतंकवाद की फैक्ट्री चलाने वाले, उन्हें संरक्षण देने वाले, पर्दे के पीछे से इन्हें पालने-पोसने वालों को पहचान कर ढूंढ़-ढूंढ़ कर समाप्त किया जाए। केवल बंदूक उठाने वाला आतंकी ही नहीं, बल्कि उसके पीछे खड़े वैचारिक और वित्तीय समर्थन देने वाले लोग भी उतने ही दोषी हैं और खतरनाक भी। यह सच्चाई किसी से छुपी नहीं है कि ये आतंकी मानसिकता एक खास विचारधारा से पोषित होती है, जो पूरी दुनिया के लिए खतरा बन चुकी है। ये जेहादी किसी के भी सगे नहीं होते ना धर्म के, ना देश के, ना मानवता के। आज आवश्यकता है कि पूरा भारतवर्ष एकजुट होकर, दलगत राजनीति और स्वार्थों से ऊपर उठकर, इस लड़ाई में सहयोग करे।राजनीति, बयानबाज़ी और मतभेदों का समय नहीं है यह राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भविष्य की पीढिय़ों की सुरक्षा का प्रश्न है। ऐसे समय में हर नागरिक का कर्तव्य बनता है कि वह आतंकवाद के खिलाफ आवाज़ बुलंद करे, आतंकियों के समर्थकों को बेनकाब करे और सुरक्षा बलों के साथ मानसिक, सामाजिक व नैतिक रूप से खड़ा रहे।यह केवल भारत की नहीं, बल्कि पूरे सभ्य विश्व की लड़ाई है। और भारत इस लड़ाई में न कभी पीछे हटा है, न हटेगा। बैठक में प्रांत युवा प्रमुख दीपक सिंह ठाकुर ,जिला संयोजक पुरुषोत्तम निषाद, आशीष शर्मा, आनंद शांडिल्य, अमरजीत , रवि कुमार आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!