स्वच्छ धमतरी की दिशा में बड़ा कदम: नीलेश लूनिया ने सुपरवाइजरों की ली समीक्षा बैठक, 100 प्रतिशत कचरा कलेक्शन के दिए निर्देश

धमतरी-नगर निगम धमतरी के मनीकंचन केंद्र सुपरवाइजर की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता निगम के स्वास्थ्य विभाग सभापति नीलेश लूनिया ने की। बैठक में समस्त सुपरवाइजर दीदियों की उपस्थिति रही, जिसमें सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और नगर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गहन चर्चा की गई.सभापति नीलेश लूनिया ने बैठक के दौरान साफ शब्दों में कहा कि जिन घरों और दुकानों से कचरा निगम की गाड़ियां नहीं उठा रही हैं, उनका वार्डवार स्पष्ट सूची तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम 100 प्रतिशत कचरा कलेक्शन की ओर बढ़ें। निगम की हर कचरा कलेक्शन गाड़ी को मॉनिटर किया जाए और प्रतिदिन की रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए। यदि किसी वार्ड में लापरवाही होती है, तो उस पर कार्रवाई तय है।सुपरवाइजर दीदियों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव भी सुने और कहा कि आप सब निगम का असली चेहरा हैं, आपकी मेहनत से शहर स्वच्छ दिखता है। इसलिए आपकी जिम्मेदारी और भी ज्यादा बढ़ जाती है। प्रॉपर मॉनिटरिंग, ईमानदारी और तत्परता ही शहर को साफ-सुथरा बनाएगी।इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के सभापति विजय मोटवानी ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल निगम का काम नहीं बल्कि जनसहयोग से ही संभव है। हम सभी को मिलकर गली-गली स्वच्छता लानी है। निगम की गाड़ियों के रूट और समय तय रहें ताकि जनता को कोई असुविधा न हो। वहीं जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा सफाई और स्वच्छ जल का सीधा संबंध है। यदि नागरिक नालियां में कचरा डालेंगे तो पेयजल स्रोत भी प्रभावित होंगे। इसलिए हर वार्ड में सफाई के साथ नाली सफाई और जल निकासी की भी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी सुपरवाइजर दीदियां प्रत्येक दिन की कलेक्शन रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी, साथ ही हर सप्ताह एक रिव्यू बैठक आयोजित की जाएगी।अंतिम में सभापति नीलेश लूनिया ने सुपरवाइजर दीदियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा आपके काम से ही धमतरी की पहचान बनेगी, जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएं, नगर निगम हर कदम पर आपके साथ है।