Uncategorized

नगरी अस्पताल का जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने किया औचक निरीक्षण

स्वच्छता, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

धमतरी। जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने नगरी अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां अव्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी जाहिर की। खून की कमी के चलते कमजोर कमार व्यक्ति अस्पताल में भर्ती था जिसने जिपं अध्यक्ष को बताया कि खून टेस्ट और खून चढ़ाने के लिए पैसे की मांग की गई जिस पर अस्पताल व्यवस्था ने जांच की बात कही। श्री सार्वा ने अस्पताल की स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी मिली, साथ में वहां भर्ती मरीजों ने भोजन की व्यवस्था को लेकर भी शिकायत की। जिस पर संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों को तुरंत सफाई व्यवस्था सुधारने और भोजन व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिये। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से उपकरण और आवश्यक सामग्री की कमी की रिपोर्ट मांगी। इसके अलावा ओपीडी में भर्ती मरीजों से उनका हालचाल जाना एवं वार्डो की नियमित रूप से साफ-सफाई करने एवं मरीजों के लिए बेहतर भोजन व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा अस्पताल में रखे उपकरणों को सिर्फ प्रदर्शन की वस्तु नहीं होनी चाहिए। अस्पताल में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाएं आम लोगों की बुनियादी जरूरत है इसलिए अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहनी चाहिए। निरीक्षण के पश्चात, सार्वा ने अस्पताल में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने पर जोर देते हुए कहा कि चिकित्सालय में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होने के साथ-साथ मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान किया जाए। सिविल अस्पताल का दर्जा मिला है तदनुसार सोनोग्राफी, एवम डायलिसिस, की सुविधा के लिए प्रयास किया जाएगा। श्री सार्वा ने पत्रकारों को बताया कि अस्पताल में सफाई की कमी है मरीजों को पर्याप्त मात्रा में भोजन नहीं मिल रहा है। 108 वाहन के होते हुए प्राईवेट एंबुलेंस की सेवाएं ली जाती है, जिसका रेट भी निर्धारित नहीं है। ऐसे में मरीजों को आर्थिक परेशानियां उठानी पड़ती हैं। उन्होंने मरीजों को दी जाने वाली भोजन के चांवल को बदलने कहा और अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था में सुधार करने के लिए निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान जनपद उपाध्यक्ष हृदय साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, रवि दुबे, मोहन नाहटा, नागेंद्र शुक्ला, कमल डागा, पार्षद चेलेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव, उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!