गौ विज्ञान परीक्षा का श्रीगणेश : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पोस्टर अनावरण कर किया अभियान का शुभारंभ
लगभग 10,000 विद्यालयों एवं 1000 उच्च शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने का है लक्ष्य
गौसेवा के साथ साथ घर घर किचन गार्डन के निर्माण पर भी रहेगा फोकस

धमतरी। गौवंश न सिर्फ धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है अपितु उसका पर्याप्त वैज्ञानिक आधार भी है। हमारे स्वस्थ एवं सुखमय जीवन के लिए गौवंश अत्यंत आवश्यक है। यदि गोवंश नहीं रहेगा तो सृष्टि भी समाप्त हो जाएगी। गौवंश का हमारे जीवन में महत्व ना जान पाने के कारण समाज गौसेवा एवं गौपालन से विमुख हो रहा है जिसके कारण गौवंश सड़कों पर आ गया है। प्रतिदिन दुर्घटनाएं घट रही है जिसमें गौवंश के साथ-साथ इंसानों की भी क्षति हो रही है। दिनों दिन यह समस्या विकराल रूप लेती जा रही है और समाज अपने दायित्व से विमुख होकर सिर्फ सरकार की ओर ताक रहा है। हमारा स्पष्ट मानना है कि गौवंश की चिंता सरकार के साथ-साथ समाज को भी करने की आवश्यकता है और यह हम सब का नैतिक दायित्व भी है। इस समस्या का मूल कारण समाज में गौवंश के संबंध में अज्ञानता ही है। जिस दिन लोग गौवंश का वास्तविक महत्व जान जाएंगे उसी दिन से गोवंश सड़कों से पुन: घरों की ओर लौट जाएगी।
गौवंश का हमारे जीवन में महत्व ,सृष्टि के पारिस्थितिक तंत्र हेतु महत्व, ग्लोबल वार्मिंग रोकने व्यापक महत्व सहित उसके पंचगव्य का व्यापक प्रचार प्रसार करने एवं सभी को उसका दायित्व बोध कराने हमारी संस्था द्वारा गौ विज्ञान परीक्षा का आयोजन किया जाता है। विगत वर्ष भी सफलतापूर्वक आयोजन किया गया जिसमें पूरे प्रदेश से एक लाख से अधिक प्रतिभागी सम्मिलित हुए। इस वर्ष पुन: आगामी 4 नवंबर 2025 को यह परीक्षा पूरे प्रदेश में एक साथ आयोजित की जाएगी। माध्यमिक,उच्च माध्यमिक एवं महाविद्यालय इन तीन श्रेणी में आयोजित होने वाली परीक्षा में प्रदेश स्तर पर प्रथम आने वाले प्रत्येक विजेता को 51,000 नगद, द्वितीय को 31,000 नगद एवं तृतीय को 21,000 नगद का पुरस्कार एवं गौमय उत्पाद का किट प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार जिला स्तर पर क्रमश: प्रथम , द्वितीय, तृतीय आने वालों को 3100 ,2100, 1100 नगद एवं गौ उत्पाद कीट प्रदान किया जाएगा। भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को संस्था द्वारा गौ विज्ञान ग्रंथ एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। गौ विज्ञान परीक्षा का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पोस्टर अनावरण कर अभियान का शुभारंभ किया। लगभग 10,000 विद्यालयों एवं 1000 उच्च शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने का लक्ष्य है। अभियान में गौसेवा के साथ साथ घर घर किचन गार्डन के निर्माण पर भी फोकस रहेगा। इच्छुक विद्यार्थी परीक्षा में पंजीयन हेतु अपनी संस्था के प्राचार्य/गौ विज्ञान प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं। संस्था ने सभी विद्यार्थियों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में परीक्षा में सम्मिलित होने की अपील की है। मुख्यमंत्री के पोस्टर अनावरण के दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुबोध राठी, अन्ना सफारे, देवेन्द्र गवेल, कृष्ण चन्द्र प्रधान, डॉ अमित पाण्डेय, उदारसिंह सिन्हा, अश्वनी कुमार चौधरी, मुकेश कुमार साहू, योगेश्वर प्रसाद यादव, अरुणांचल कौसिल, गुरुमित सिंग, सुभाष साहू, रेमन नान्द्रे, रमनलाल साहू, लालिमा जायसवाल, चन्द्रप्रकाश अग्रवाल, डॉ गजेन्द्र तिवारी, रत्नाकर खड़की, मृत्युंजय पाण्डेय, मनोज पाण्डेय, शंभुदास महंत, कौशलेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।