Uncategorized

सुदूर वनांचल ग्राम पंचायतों के ग्रामीण पहुंचे महापौर रामू रोहरा से मिलने,सोसाइटी खोलने की रखी मांग

धमतरी- धमतरी नगर निगम कार्यालय में एक महत्वपूर्ण मुलाक़ात हुई, जब ग्राम पंचायत मोहेरा, गोरेगांव एवं मारागांव के ग्रामीणजन सामूहिक रूप से महापौर रामू रोहरा से सौजन्य भेंट करने पहुंचे। ग्रामीणों ने महापौर के समक्ष अपने क्षेत्र में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित (सोसाइटी) की स्थापना की मांग रखी। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को विस्तार से बताते हुए कहा कि अब तक उनके क्षेत्र में कोई भी सहकारी समिति संचालित नहीं है। इस कारण किसानों को कृषि कार्य हेतु आवश्यक ऋण, खाद-बीज, कीटनाशक एवं अन्य सहकारी सुविधाएँ प्राप्त करने में कठिनाई होती है। उन्हें हर बार लंबी दूरी तय करके दूसरे गाँवों या शहरों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। विशेषकर बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जब परिवहन व्यवस्था बाधित हो जाती है। उन्होंने महापौर के सामने यह भी उल्लेख किया कि ग्रामीण और किसान वर्ग को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए स्थानीय स्तर पर सोसाइटी का होना अत्यंत आवश्यक है। यदि यह सुविधा उपलब्ध हो जाए, तो किसानों को न केवल कृषि ऋण व बीज समय पर मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की कृषि उत्पादकता भी बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। महापौर रामू रोहरा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी मांग को पूर्ण रूप से जायज़ ठहराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इस संबंध में आवश्यक पहल की जाएगी और संबंधित विभागों से चर्चा कर ग्रामीण अंचल में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति की स्थापना सुनिश्चित की जाएगी। महापौर ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए शासन-प्रशासन हर संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि ग्रामीण और कृषि आधारित समाज ही देश की रीढ़ है, अतः उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा।
ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि यह सोसाइटी उनके क्षेत्र में खुलती है, तो न केवल किसानों को लाभ होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी सहकारी तंत्र का सीधा फायदा मिलेगा। इस पहल से पूरे क्षेत्र की कृषि गतिविधियों में सकारात्मक बदलाव आएगा और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।इस अवसर पर देवकी ध्रुव सरपंच मारा गांव ,फलेश्वरी कश्यप सरपंच मोहेरा,उत्तम ध्रुव बोईर गांव सरपंच,रामकुमारी कश्यप जनपद सदस्य मगरलोड ,नारायण सिंह ध्रुव पूर्व जनपद सदस्य मगरलोड ,चित्र सेन प्रजापति पूर्व माटीकला बोर्ड सदस्य ,गैंदलाल कश्यप जनपद पति,सुभाष कश्यप सरपंच पति, नारायण बिसेन ग्रामीण कार्यकर्ता,गिरधारी लाल कश्यप ग्रामीण कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!