Uncategorized

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से घर-घर चमक रही रोशनी

धमतरी के दीपक जैन की छत पर सूरज बना समृद्धि का स्रोत

*धमतरी, 7 सितम्बर 2025/- प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगे हैं। यह महत्वाकांक्षी योजना न केवल बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है, बल्कि लोगों को आर्थिक रूप से भी मजबूत बना रही है।*
*धमतरी शहर के प्रख्यात कारोबारी श्री दीपक जैन इस योजना का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल प्रतिमाह 10 से 15 हजार रुपये तक आता था। रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के बाद अब यह घटकर मात्र 3 से 4 हजार रुपये रह गया है। इससे उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये से अधिक की सीधी बचत हो रही है। यह बचत उनके परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक सिद्ध हो रही है।*
*श्री जैन ने जानकारी दी कि उन्हें प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से मिली। तत्पश्चात उन्होंने त्वरित निर्णय लेते हुए अपने घर की छत पर 5 किलोवॉट का सौर ऊर्जा सिस्टम स्थापित कराया। इस पर केंद्र सरकार से उन्हें 78 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई है तथा राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली 30 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी भी शीघ्र प्राप्त होने वाली है। इस प्रकार योजनाओं का समन्वित लाभ उन्हें वास्तविक रूप से महसूस हो रहा है।*
*उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल उनके घर की ऊर्जा जरूरतों को पूरा कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर भी बना रही है। अब वे केवल बिजली उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि उत्पादक भी बन गए हैं। भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर वे और भी लाभ कमा सकते हैं।
श्री जैन ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस योजना ने आमजन के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य किया है। यह पहल वास्तव में ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।*
*उन्होंने जिले के अन्य उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे भी इस महत्वाकांक्षी योजना से जुड़ें। इससे न केवल उनकी बिजली की जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि दीर्घकालीन आर्थिक लाभ भी सुनिश्चित होगा। श्री जैन का अनुभव यह साबित करता है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना आने वाले समय में पूरे समाज को आत्मनिर्भर, पर्यावरण-सुरक्षित और ऊर्जा सम्पन्न बनाने का माध्यम बनेगी।*
*कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा स्वयं इसकी उपलब्धियों के लिए जिले में शिविर आयोजित कराकर आम जन को लगाने हेतु जागरूक करा रहे है ।
जिले में धमतरी में बीते माह शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 56 पंजीकरण किए गए। 139 प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत स्थापना की गईं। वही 14 स्थापन की कार्रवाई की जा रही है ।*

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!