छेड़ सुरो के गीत कार्यक्रम 21 को राज्य स्तरीय एकल एवं युगल छत्तीसगढ़ी गायन स्पर्धा

धमतरी। 13 वर्षों से प्रदेश स्तर पर छत्तीसगढ़ के गायकों को एक मंच प्रदान करने वाला छत्तीसगढ़ म्यूजिकल ग्रुप धमतरी इस वर्ष भी राज्य स्तरीय एकल एवं युगल छत्तीसगढ़ी गायन स्पर्धा आयोजित कर रहा है। 21 सितंबर को हरदिहा साहू समाज भवन में प्रदेश भर के छत्तीसगढ़ी गीतों को सुपोषित व पल्लवित करने वाले कलाकार गायक इस राज्य स्तरीय एकल व युगल छत्तीसगढ़ी गायन प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।मंच के संस्थापक लोकेश करैत ने बताया कि यह ऐसा कार्यक्रम है जो छत्तीसगढ़ की लोकगीत, परंपरा को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जाता है। इसमें विभिन्न लोकगीत गायकों और समूहों को अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और लोकप्रिय बनाने में मदद करती है। छत्तीसगढ़ की लोकगीत परंपरा को बढ़ावा देना, कलाकारों को मंच प्रदान करना और सांस्कृतिक आदान- प्रदान को प्रोत्साहित करना इस मंच का उद्देश्य है। प्रतियोगिता 21 सिंतबर को होगी। आडिशन 10 बजे और फाइनल शाम 7 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ शाम 4 बजे अतिथियों द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 21000 रूपए, स्मृति चिन्ह व प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। द्वितीय स्थान आने वाले को 11000 रूपए व स्मृति चिन्ह, तृतीय पुरस्कार 5100 रूपए व स्मृति चिन्ह दिया जाएगा। चतुर्थ में सांत्वना पुरस्कार 5 लोगों को दिया जाएगा। पंजीयन स्पर्धा स्थल पर सुबह करवाया जा सकता है।