नरहरा जलप्रपात पहुंच मार्ग है बदहाल, गड्ढे, दलदल व कीचड़ से लबरेज मार्ग से गुजरना पर्यटकों की है मजबूरी

धमतरी। ग्राम कोटरवाही के पास स्थित धमतरी जिले का एकमात्र नरहरा जलप्रपात तक जाने का रास्ता बेहद खराब है। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। पर्यटकों के वाहन हिचकोले खाते हुए आते जाते हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों ने इस सड़क को सुधारने की मांग जिला प्रशासन से की है। ग्रामीणों का कहना है कि नरहरा जलप्रपात धमतरी से कुकरेल होकर कांटाकुरीडीह, बाजारकुर्रीडीह होते हुए आगे बढ़ते हैं। रास्तेभर में बड़े-बड़े गढ्डें है जिससे दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। ज्ञात हो कि इन दिनों नरहरा जलप्रपात में पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है और आने-जाने का एक ही रास्ता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षो में नरहरा जल प्रपात की ख्याति धमतरी सहित पूरे प्रदेश भर में फैली है जिससे विशेषकर मानसून के मौसम में यहां पर्यटकों की संख्या अधिक रहती है। यहां जिला प्रशासन द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन सबसे प्रमुख बुनियादी सुविधा सड़क ही बदहाल है। जिससे यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि दुपहिया व मोपेड से आने वाले कई पर्यटक अब तक गड्ढो से भरे उक्त सड़क पर गिर चुके है। ऐसे में ग्रामीणों ने उक्त सड़क की दशा सुधारने की मांग जिला प्रशासन से की है।

