त्यौहारी भीड़ में बेहतर व्यवस्था बनाने जुटी रही यातायात पुलिस, चार पहिया वाहनों का प्रवेश किया गया निषेध

धमतरी। दीपावली पर्व की शुरुआत आज धनतेरस के साथ हुई। पर्व के पूर्व शहर के दुकानों में खरीददारी हेतु ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। जो कि लक्ष्मीपूजा की रात तक जारी रहेगा। इस दौरान शहर के सबसे व्यस्त मार्ग सदर से लेकर घड़ी चौक तक भीड़ ज्यादा रहती है। ऐसे में यातायात जाम की समस्या उत्पन्न हो सकती है। जिससे लोगो को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उक्त बातों को ध्यान में रखते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार व यातायात डीएसपी मोनिका मरावी के निर्देश पर बेहतर यातायात व्यवस्था बनाये रखने यातायात प्रभारी खेमराज साहू द्वारा विभिन्न प्रयास किये जा रहे है। चर्चा के दौरान यातायात प्रभारी खेमराज साहू ने बताया कि कुछ स्थानों पर अतिरिक्त प्वाईंट बनाये गये जहां जवान यातायात व्यवस्था बनाये रखने तैनात रहेंगे। त्यौहारी भीड़ को नियंत्रित रखने यातायात विभाग कार्य कर रही है। जिसके तहत मुख्य मार्गो पर सबसे अधिक भीड़ होने के कारण उक्त मार्ग पर चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाया गया है। यह रोक लक्ष्मी पूजा की रात तक जारी रहेगी। यह रोक ग्राहकों व दुकानदारों को यातायात जाम की समस्या से बचाने के लिए किया जा रहा है। चार पहिया वाहनों के निषेध रहने के दौरान उन्हें अन्य सहायक मार्गो से डायवर्ट किया जायेगा। इसके अतिरिक्त शहर के प्रमुख मार्गो, बाजारो व भीड़ वाले ईलाको में जवान तैनात किये गये है। जो कि कानून व्यवस्था के साथ बेहतर यातायात के लिए भी कार्य कर रहे है। यातायात की टीम पैदल पेट्रोलिंग कर जनता से अपील करेगी कि यातायात व्यवस्था बनाये रखने सभी सहयोग करें। इसके अतिरिक्त शहर के मुख्य मार्गो से लगे मार्गो पर भी यातायात के दबाव को देखते हुए प्रमुख मार्गो व अन्य मार्गो पर पैदल व बाईक पेट्रोलिंग यातायात पुलिस कर रही है। ताकि पर्व के दौरान बाजार में उमडऩे वाली भीड़ को बेहतर यातायात व्यवस्था प्रदान किया जा सके।
पार्किंग स्पेस नहीं होने से बढ़ी परेशानी
बता दे कि शहर में पार्किंग स्पेस की कमी है ऐसे में मुख्य मार्गो में दुकानों के सामने ही वाहने खड़ी करनी पड़ती जिससे मार्ग संकरा हो जाता है। जिससे जाम की समस्या उत्पन्न होती है। बाजार में खरीददारी करने उमड़ी भीड़ के पास अपनी दुपहिया व चारपहिया वाहन खड़ी करने पर्याप्त पार्किंग स्पेस नहीं होने पर सड़क किनारे ही गाडिय़ां खड़ी होने लगी। जिससे यातायात प्रभावित होता रहा।
सुगम व सुरक्षित यातायात में सभी का सहयोग जरुरी – यातायात प्रभारी खेमराज साहू

उल्लेखनीय है कि जब से यातायात प्रभारी खेमराज साहू यातायात की जवाबदारी संभाल रहे है तब से बेहतर कार्यो को अंजाम दे रहे है। वे लगातार स्वयं फील्ड पर रहकर ट्रैफिक में सुधार के लिए कार्य कर रहे है। साथ ही समस्त यातायात विभाग की टीम भी अलर्ट रह कर शहरवासियों को जाम फ्री व सुरक्षित आवागमन प्रदान करने जुटे हुए है। उन्होने बेहतर यातायात व्यवस्था बनाने आम जनता से सहयोग की अपील की है।

