कला जगत में कुरुद छग का नाम रोशन : चित्रकार बसंत साहू को केंद्र सरकार से मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
भखारा नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने किया सम्मान, कहा बसंत साहू जैसे युवा हमारी प्रेरणा हैं
3 दिसंबर को राष्ट्रपति द्वारा नई दिल्ली में होगा सम्मान

भखारा । धमतरी जिले के कुरूद नगर पालिका निवासी चित्रकार बसंत साहू ने अपनी प्रतिभा, लगन और आत्मविश्वास के बल पर आज पूरे जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश का नाम भी रोशन किया है। उनके चित्रों में जीवन के रंग, संस्कृति की झलक और भावनाओं की गहराई दिखाई देती है। इसी विशिष्ट कला के लिए भारत सरकार द्वारा बसंत साहू को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। सम्मान आगामी 3 दिसंबर को राष्ट्रपति द्वारा नई दिल्ली में होगा। बसंत साहू बचपन से ही कला के प्रति समर्पित रहे हैं। शारीरिक असमर्थता के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपने हुनर को निरंतर निखारा। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनियों में भाग लेकर अपनी कला से सबका दिल जीता है। बसंत साहू के सम्मान की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और नगरवासी उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने कहा बसंत साहू जैसे युवा हमारी प्रेरणा हैं। उन्होंने यह साबित किया है कि इच्छाशक्ति और मेहनत के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। हम सभी उनके उज्ज्वल भविष्य और और भी ऊँचाइयाँ छूने की हार्दिक शुभकामना देते हैं। बसंत साहू ने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी साथियों का है जो समाज में अपने हुनर से पहचान बना रहे हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा। बसंत साहू के सम्मान की औपचारिक कार्यक्रम आगामी माह नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने बसंत साहू के उज्जवल भविष्य, उत्तरोत्तर प्रगति और निरंतर सृजनशीलता की मंगलकामनाएं व्यक्त की हैं।

