Uncategorized

अब तक कुल 2 लाख 79 हज़ार मीट्रिक टन धान की खरीदी,1 लाख से अधिक मीट्रिक टन धान उठाव हेतु डी.ओ. जारी

धमतरी -खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 में जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रक्रिया पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं किसान हितैषी ढंग से संचालित की जा रही है। जिले की 74 सहकारी समितियों के माध्यम से 100 उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की जा रही है।अब तक कुल 2,79,414.12 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसका समर्थन मूल्य 662.57 करोड़ रुपये है। अब तक 58,443 किसानों ने धान विक्रय किया है, जिनमें से 53,227 किसानों को 60,293.78 लाख रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा चुका है, जिससे किसानों को त्वरित आर्थिक संबल मिला है। धान उठाव की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है, जिसके अंतर्गत 49,982.80 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है, जबकि उपार्जन केन्द्रों में 2,29,431.32 मीट्रिक टन धान शेष है। उपार्जित धान के निराकरण हेतु कस्टम मिलिंग की प्रभावी व्यवस्था की गई है। जिले में 166 पंजीकृत मिलें हैं, जिन्हें 7,90,608 मीट्रिक टन धान की अनुमति जारी की गई है।
अब तक 1,01,752.60 मीट्रिक टन धान उठाव हेतु डी.ओ. जारी किए गए हैं। आगामी 24 दिसम्बर 2025 की खरीदी के लिए भी टोकन जारी कर किसानों को सुविधा प्रदान की गई है। वहीं, मंडी अधिनियम 1972 के तहत अवैध धान भण्डारण एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई की गई है।
इस दौरान 3,407 कृषकों से संबंधित 112 प्रकरण दर्ज कर 4,619.5 क्विंटल धान जब्त किया गया तथा 2 वाहनों को भी जब्त किया गया है। जिले में धान उपार्जन की यह पूरी प्रक्रिया शासन की किसान हितैषी नीतियों, सशक्त निगरानी एवं समयबद्ध भुगतान का सशक्त उदाहरण बन रही है, जिससे किसानों का विश्वास और सहभागिता लगातार बढ़ रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!