Uncategorized

2025 की सफल विदाई, 2026 की सशक्त शुरुआत: धमतरी में 844 करोड़ की धान खरीदी

किसानों की मेहनत, प्रशासन की तत्परता: नए वर्ष में भी निर्बाध धान उपार्जन का भरोसा

नए वर्ष की दहलीज पर धमतरी में धान उपार्जन की सशक्त उपलब्धि

धमतरी- पुराने वर्ष को विदा और नए वर्ष 2026 के स्वागत के साथ धमतरी जिला समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2025 किसानों के परिश्रम, प्रशासन की सजगता और सुव्यवस्थित व्यवस्था का साक्षी बना है, वहीं नया वर्ष इन्हीं उपलब्धियों को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेकर आरंभ हो रहा है।
जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु कुल 74 सहकारी समितियों में 1,29,349 किसानों का 1,26,883.05 हेक्टेयर रकबा पंजीकृत किया गया है। 15 नवम्बर 2025 से अब तक 73,422 किसानों से 3,56,059.48 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसके एवज में 844.32 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इनमें से 68,808 किसानों को 751.93 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके खातों में किया जा चुका है, जिससे किसानों को आर्थिक संबल मिला है और नए वर्ष में उनकी उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
नए साल के पहले दिन 01 जनवरी 2026 के लिए भी प्रशासन पूरी तरह तैयार है। इस दिन 3,427 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 15,386.30 क्विंटल धान की खरीदी प्रस्तावित है। यह व्यवस्था नए वर्ष की शुरुआत को सुचारू और किसान हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कस्टम मिलिंग की दिशा में भी जिले ने ठोस प्रगति की है। अब तक 180 राइस मिलों का पंजीयन किया जा चुका है। इन मिलों को 8,85,424 मीट्रिक टन धान कुटाई की अनुमति प्रदान की गई है, जिसके अंतर्गत 7,41,456 मीट्रिक टन धान उठाव हेतु अनुबंधित किया गया है। अब तक कुल 27,938.80 मीट्रिक टन धान का उठाव सफलतापूर्वक किया जा चुका है।
पुराने साल की यह उपलब्धियां नए वर्ष के लिए मजबूत आधार हैं। जिला प्रशासन के सतत प्रयासों से वर्ष 2026 में भी धान उपार्जन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं किसान हितैषी बनाने का संकल्प लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!